सिलीसेढ़ झील पर पूजा करते मंत्री संजय शर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
जिले भर में शनिवार से 'जल महोत्सव' का आयोजन किया गया। सभी जल भराव केंद्रों पर आज महोत्सव का आयोजन किया गया। ये 'जल महोत्सव' इसलिए मनाया जा रहा है कि इस बार अच्छी वर्षा कई वर्षों बाद हुई है और इसका लाभ जिले को मिलेगा।
अलवर में 'जल महोत्सव' का आयोजन सिलीसेढ़ झील पर आयोजित किया गया। इसमें राज्य के वन और पर्यावरण मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने हिस्सा लिया। उनके साथ नगर निगम के मेयर घनश्याम गुर्जर भी इस महोत्सव में शामिल हुए। इस महोत्सव में वन मंत्री ने झील की पाल पर जल पूजा की।
उन्होंने बताया कि जल ईश्वर का तत्व है। इसका मानव जीवन में बड़ा महत्व है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना प्रदेश में इस वर्ष जलसंग्रह की अच्छी स्थिति रही है। इस जल संग्रह से जिले में लोगों को पानी मिलेगा और जमीन का जल स्तर भी बढ़ेगा। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने राजस्थान 'जल महोत्सव' आयोजन करने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि अबकी बार अलवर जिले के तीन बांध लबालब हो गए और इन पर चादरे भी चल रही हैं। आने वाले दिनों में पानी का जलस्तर बढ़ेगा और किसानों को भी भरपूर पानी मिलेगा।
इस अवसर पर मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि इंद्र भगवान ने जो कृपा इस बार प्रदेश पर की है, उससे सभी जल संग्रह केंद्रों में पानी आया है। उनकी भगवान से प्रार्थना है कि यह कृपा आगे भी बनी रहे। उन्होंने कहा कि जल है तो जीवन है। मंत्री ने कहा कि पिछले कई सालों से न केवल कुओं बल्कि बावड़ी ओर पोखर सूख गए थे, उनमें पानी आने से इन जल संग्रह केंद्रों के आसपास रहने वालों में भी उत्साह का संचार हुआ है।