बाइक की टक्कर में युवक की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र अंतर्गत दो बाइक की आपसी भिड़ंत में एक युवक की अलवर में अस्पताल में मौत हो गई। हादसे के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस आरोप बाइक सवार की तलाश में जुटी है। पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सपुर्द कर दिया जाएगा।
मृतक के भांजे भूपेंद्र यादव ने बताया कि उनके मामा रोजाना की तरह अपने गांव मिरका बसई से अपने गांव के एक अन्य युवक के साथ बाइक पर सवार होकर खेरथल मजदूरी के लिए आता था। सोमवार सुबह भी वह अपने गांव के युवक के साथ बाइक पर सवार होकर खैरथल काम के लिए आ रहा था। उसी समय खैरथल के समीप ग्रीन पार्क क्रॉसिंग पर एक दूसरा बाइक सवार तेज गति से उनकी बाइक के सामने ले आया और दोनों बाइक की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में उनके मामा मदन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको पहले खैरथल अस्पताल में भर्ती करवाया गया और उसके बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल अलवर के लिए रेफर कर दिया गया। खैरथल से आने के बाद उनको अलवर हॉस्पिटल में भर्ती करवा दिया गया। वहां उन्होंने थोड़ी देर बाद ही दम तोड़ दिया। मृतक मदन अपने पीछे दो बच्चियां छोड़ गया है। मदन मजदूरी करके अपने घर परिवार का जीवन यापन करता था। घटना के बाद दूसरा बाइक सवार मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार मिरका बसई निवासी कमलेश जागा ने बताया कि आज सुबह मदन यादव मेरे साथ मेरी बाइक पर सवार होकर रोजाना की तरह मेरी बाइक पर मजदूरी के लिए जा रहा था। गांव से महज 5 से 7 किलोमीटर की दूरी पर एक अन्य अज्ञात बाइक सवार अचानक सेअपनी बाइक हमारी बाइक के सामने ले आया। जिसकी वजह से हमारी बाइक ने संतुलन खो दिया और हम दोनों सड़क पर जा गिरे। मदन यादव के सिर में गहरी चोट लगी थी। आस पास लोगों ने उन दोनों को खैरथल हॉस्पिटल में पहुंचाया। वहां मदन की हालत गम्भीर बनी हुई थी। उसको खैरथल से जिला अस्पताल अलवर के लिये रेफर कर दिया गया, जहां मदन ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे में मरने वाले कि गलती भी नही थी। सामने से आ रहा बाइक वाला ही रोग साइड आकर उनकी बाइक से टकरा गया, जिससे मदन की मौत हो गई।