अलवर शहर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में स्थित बख्तल चौकी के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और चिंता का माहौल बन गया है।
देसूला से बख्तल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मृतक रघुनाथ सिंह पुत्र भूप सिंह, जिला करौली के निवासी थे और पिछले करीब 15 वर्षों से अलवर के देसूला क्षेत्र में रहकर मजदूरी का कार्य कर रहे थे। घटना उस समय हुई जब रघुनाथ सिंह देसूला से बख्तल की ओर किसी निजी कार्य से जा रहे थे। इसी दौरान बख्तल चौकी के पास पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया
टक्कर इतनी जोरदार थी कि रघुनाथ सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए अलवर के जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया।
पढ़ें- अजमेर में भीषण हादसा: शराबी चालक ने बेकाबू ट्रेलर से बरपाया कहर; 50 मीटर तक घसीटी बाइक, महिला की मौत से हड़कंप
इलाज के दौरान तोड़ा दम
अस्पताल में इलाज के दौरान गंभीर चोटों के चलते रघुनाथ सिंह की जान नहीं बचाई जा सकी और उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के जीजा गोविंद सिंह ने बताया कि रघुनाथ सिंह अविवाहित थे और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पुलिस जांच में जुटी, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही उद्योग नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई रविवार सुबह की जाएगी, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस ट्रक चालक की तलाश में जुटी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।