अलवर के अरावली विहार थाना क्षेत्र में देर रात अपराधियों ने दुस्साहस की सारी सीमाएं लांघ दीं। बदमाशों ने न केवल नायब तहसीलदार की कार का पीछा कर उसे टक्कर मारने की कोशिश की, बल्कि थाने में घुसकर जानलेवा हमला करने की भी साजिश रची। हालांकि पुलिस की तत्परता ने इस हमले को नाकाम कर दिया और एक कार को जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, नायब तहसीलदार अपने परिचित नीरज शर्मा और संजय सैनी के साथ कटी घाटी की ओर से शहर की ओर आ रहे थे। रास्ते में एक स्कॉर्पियो कार ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और उनकी गाड़ी को टक्कर मारी। किसी तरह जान बचाकर तहसीलदार और उनके साथी आगे बढ़े, लेकिन कुछ दूरी पर एक और स्कॉर्पियो ने फिर से उन्हें रोकने की कोशिश की। बढ़ते खतरे को देखते हुए तहसीलदार ने अपनी गाड़ी को सीधे अरावली विहार थाने के अंदर दौड़ा दिया। लेकिन बदमाशों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्होंने अपनी दोनों गाड़ियों को थाने के अंदर घुसा दिया। फिर नायब तहसीलदार और उनके साथियों पर गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की। थाने के अंदर जानलेवा हमला एक गंभीर मामला है और इससे बदमाशों के हौसले और व्यवस्था को चुनौती देने की मानसिकता साफ झलकती है।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: रिटायर्ड कर्नल की वंचित बच्चों के लिए अद्भुत पहल, आधार कार्ड बनवाकर सरकारी योजनाओं से जोड़ा
हालांकि, चीख-पुकार सुनकर थाने में मौजूद पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए। पुलिस की तत्परता देखकर हमलावर अपनी गाड़ियां छोड़कर भाग निकले। पुलिस ने तुरंत पीछा किया। एक गाड़ी से बदमाश फरार हो गए, जबकि दूसरी गाड़ी कुछ दूरी पर तेल खत्म होने के कारण खड़ी मिली। पुलिस ने गाड़ी को जब्त कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना में निखिल, जहीर, अभिषेक और सोहिल नामक संदिग्ध शामिल हो सकते हैं। थाने के आसपास और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान पुख्ता की जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार थाने में घुसकर हमला करना न केवल कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है, बल्कि अपराधियों की बेखौफ मानसिकता को भी उजागर करता है। हालांकि पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तत्काल कार्रवाई की और घटना को और गंभीर होने से बचा लिया।
यह भी पढ़ें- Banswara News: तस्करी की आशंका में गो रक्षकों ने सैकड़ों गोवंश से भरे ट्रक रुकवाए, सांसद ने लगाए गंभीर आरोप
पुलिस अब आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम गठित कर रही है और जल्द ही सभी हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। थाने के भीतर हुई इस दुस्साहसी घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और आमजन में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ी है।