सदर थाना पुलिस ने नसीराबाद की महेश विहार कॉलोनी में ट्रांसपोर्ट कारोबारी के घर हुई डकैती के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस अब तक कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस ने डकैती के इस मामले में करीब तीन करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल दो वॉकी-टॉकी और रेकी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
आरोपी अदालत में पेश
सदर थानाधिकारी राधेश्याम ने बताया कि पुलिस ने ग्राम दांता स्थित कुम्हार मोहल्ला निवासी 40 वर्षीय मिट्टू को बापर्दा गिरफ्तार किया है। अनुसंधान के बाद आरोपी को नसीराबाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब आरोपी की शिनाख्तगी परेड करवाएगी। पूर्व में बापर्दा गिरफ्तार आरोपी अमित कुमार राम, रविकान्त उर्फ नकुल और तारू राम की शिनाख्तगी परेड की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को रिमांड पर लिया है।
यह भी पढ़ें:
राजस्थान में आज कई जिलों में बारिश-तेज हवाओं की चेतावनी, 23-24 अक्टूबर को फिर सक्रिय होगा पश्चिमी विक्षोभ
13 मिनट में तीन करोड़ डकैती
उल्लेखनीय है कि अजमेर जिले में बदमाशों ने आयकर अधिकारी बनकर ट्रांसपोर्ट कारोबारी के घर में प्रवेश किया था। बदमाश मात्र 13 मिनट में करीब तीन करोड़ रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गए थे। इस डकैती की साजिश में कारोबारी का एक पूर्व कर्मचारी भी शामिल था।
यह भी पढ़ें:
कोटा में नहीं थम रहा मौतों का सिलसिला: डिलीवरी के बाद एक और प्रसूता की मौत, 24 घंटे में दो महिलाओं ने तोड़ा दम
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन घंटे के भीतर ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस डकैती से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने और इसमें शामिल बाकी बदमाशों की तलाश में जुटी है।