साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे साइबर संग्राम अभियान 3.0 के तहत अरावली विहार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय युवक को साइबर ठगी के मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4 मोबाइल फोन, 3 सिम कार्ड और बिना नंबर की एक एक्टिवा बरामद की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया के जरिए लोगों को USDT खरीदने-बेचने का झांसा देता था। इसके बाद लोगों से ऑनलाइन रुपये अपने बताए बैंक खातों में ट्रांसफर करवाकर साइबर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने आसूचना तंत्र और तकनीकी सहायता के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिव्यांशु निवासी अलवर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से ठगी में इस्तेमाल किए जाने वाले बताए जा रहे 4 मोबाइल फोन और 3 सिम कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा बिना नंबर की एक एक्टिवा भी जब्त की गई है।
ये भी पढ़ें: जोबनेर बस हादसा: छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, 42 सीटर बस में मिले 92 बच्चे, जांच कमेटी गठित
गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने अब तक कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया और उसके साथ साइबर अपराध में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के आधार पर साइबर ठगी की अन्य वारदातों और उसके नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। साइबर अपराधों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।