अलवर की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता को राजस्थान सरकार ने पुलिस कांस्टेबल पद पर नियुक्ति देने का आदेश जारी किया है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) राजीव स्वरूप ने बताया कि पीड़िता को पुलिस कांस्टेबल पद की नियुक्ति देने के आदेश जारी किए गए हैं। महिला को जल्द ही नियुक्ति पत्र मिल जाएगा।
बता दें कि अलवर के थाना गाजी-अलवर मार्ग पर 26 अप्रैल को पति के साथ बाइक पर जा रही एक महिला के साथ पांच लोगों ने कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया था। इन पांचों में इंद्रराज गुर्जर, अशोर गुर्जर, छोटेलाल गुर्जर, हंसराज गुर्जर और महेश गुर्जर का नाम आया था। आरोपी मुकेश ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था।
आरोपियों ने पीड़िता के पति के साथ मारपीट की थी और उसके सामने ही महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया था। घटना के बाद आरोपियों नमे पीड़िता के पति को फोन किया वीडियो वायरल करने की धमती देकर पैसे की मांग की। इस पर पीड़िता के पति ने परिजनों को पूरी बात बताई। 30 अप्रैल को दोनों पीड़ित अलवर पुलिस अधीक्षक राजीव पचार के पास शिकायत करने गए।
पचार ने शिकायत को चिह्नित कर पति और पीड़िता को थाना गाजी के थाना अधिकारी से मिलने को कहा लेकिन थाना अधिकारी ने इसे गंभीरता नहीं लिया और मामला दो मई को दर्ज किया गया। इस बीच आरोपियों ने पीड़ित पति को फोन पर पैसे मांगना जारी रखा तो पति ने फिर पुलिस अधीक्षक और स्थानीय पुलिस से मदद मांगी, लेकिन पुलिस की चुनाव में व्यस्तता बताई गई।
दूसरी ओर चार मई को आरोपियों ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया। जब चुनाव के अगले दिन सात मई को मामला प्रकाश में आया तब अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार को आलोचनाओं और राज्यभर में प्रदर्शनों का सामना करना पड़ा।