फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान: तीन राज्यों में तलाश के बाद तीन महीने पहले लापता नाबालिग मिली, दो आरोपी गिरफ्तार

Fri, 27 Nov 2026 05:11 PM IST
प्रतीक कुमार पाण्डेय न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर

सार

राजस्थान के अलवर से करीब तीन महीने पहले लापता हुई नाबालिग को पुलिस ने झालावाड़ जिले के भवानीमंडी से सुरक्षित बरामद किया है। तलाश के दौरान पुलिस गुजरात के मुंद्रा और उत्तर प्रदेश के मथुरा तक पहुंची। मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी 23 वर्षीय मारूफ और झालावाड़ के भवानीमंडी निवासी 26 वर्षीय प्रदीप को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
दुष्कर्म - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

करीब तीन महीने पहले घर से लापता हुई नाबालिग लड़की को पुलिस ने गुजरात के मुंद्रा और उत्तर प्रदेश के मथुरा होते हुए झालावाड़ जिले के भवानीमंडी से सुरक्षित ढूंढ निकाला है। मामले में पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आरोपी उत्तर प्रदेश का है, जबकि दूसरा झालावाड़ का निवासी है। पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
विज्ञापन


गुजरात और मथुरा में पुलिस की दबिश
पुलिस के मुताबिक अलवर के अखैपुरा इलाके के रहने वाले एक व्यक्ति ने 24 सितंबर को अपनी नाबालिग बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी 10 सितंबर को सुबह करीब 9:30 बजे घर से कहीं गई थी और उसके बाद वापस नहीं लौटी। उन्होंने अपने स्तर पर भी बालिका की खोजबीन की, परंतु कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू की। बालिका की तलाश के लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी और तकनीकी सहायता से लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया।
जांच के दौरान पुलिस को लड़की की लोकेशन गुजरात के मुंद्रा में मिली। पुलिस टीम तुरंत मुंद्रा पहुंची, लेकिन वहां लड़की का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद, जांच आगे बढ़ी तो उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी 23 साल के मारूफ के साथ मथुरा में होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने मथुरा में दबिश देकर मारूफ को पकड़ लिया और पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। मारूफ को 25 अक्तूबर को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
विज्ञापन


झालावाड़ के भवानीमंडी से मिली किशोरी
पुलिस टीम को लगातार तलाश के दौरान सूचना मिली कि नाबालिग झालावाड़ जिले के भवानीमंडी में है। टीम भवानीमंडी स्थित पचपहाड़ के वार्ड 15 की इंद्रा कॉलोनी पहुंची और लड़की को ढूंढ निकाला। पुलिस ने लड़की को सुरक्षित संरक्षण में ले लिया और इसके बाद उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। बालिका के बयानों के आधार पर पुलिस ने भवानीमंडी निवासी 26 साल के प्रदीप को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी प्रदीप को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने दी कार्रवाई की जानकारी
मामले का खुलासा करते हुए अलवर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने बताया कि नाबालिग की तलाश के लिए पुलिस ने कई राज्यों में विस्तृत जांच की थी। तकनीकी मदद और मिली जानकारियों के आधार पर पुलिस आखिरकार लड़की तक पहुंचने में सफल रही। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है और पुलिस प्रकरण से जुड़े अन्य सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें