रूपवास स्कूल आंगनबाड़ी में जांच करती एफएसएल टीम
- फोटो : अमर उजाला
शहर के अरावली विहार थाना क्षेत्र के रूपवास स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में मिले खून के निशानों के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शुरुआती तौर पर किसी बड़ी हिंसक वारदात की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन जांच में सामने आया कि मामला एक मजदूर के साथ हुई मारपीट और लूटपाट का था।
दरअसल सोमवार सुबह स्कूल और आंगनबाड़ी परिसर में दीवारों, फर्श और आसपास के हिस्सों में खून के धब्बे तथा खून से सने जूतों-चप्पलों के निशान मिलने से हड़कंप मच गया था। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।
जांच के दौरान घायल मजदूर सतीश कुमार सामने आया, जिसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। टोडा निवासी सतीश ने बताया कि वह मजदूरी के लिए अलवर आया हुआ था। एक जून की रात काम खत्म करने के बाद वह भूगोर स्थित शराब ठेके पर गया और बाद में रूपवास स्थित जगन्नाथ मंदिर के पास आंगनबाड़ी केंद्र के बरामदे में सो गया।
ये भी पढ़ें: Jhalawar News: जमीन के झगड़े में बहा खून, खेत में घेरकर बरसाए लाठी-डंडे, घायल युवक की उपचार के दौरान मौत
सतीश के अनुसार देर रात एक युवक उसके पास आया और मीट खाने के लिए कहा। मना करने पर आरोपी ने अचानक ईंट-पत्थरों से उसके सिर पर हमला कर दिया। इसके बाद उसने अपने एक साथी को बुला लिया और दोनों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। मारपीट के दौरान उन्होंने उसका मोबाइल फोन और उसमें रखे करीब दो हजार रुपये भी छीन लिए।
मरा समझकर छोड़ गए आरोपी
घायल मजदूर ने बताया कि हमले के बाद आरोपी उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद वह किसी तरह सड़क तक पहुंचा और सुबह राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचकर उपचार कराया।
पुलिस ने घायल के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अरावली विहार थाना पुलिस अब आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।