अलवर की बानसूर थाना पुलिस ने रविवार देर रात एक ट्रक से 24 गोवंश को मुक्त कराया है। गोवंश अलवर से हरियाणा गोकशी के लिए भेजे जा रहे थें। वहीं ट्रक से पुलिस ने 10 लीटर कच्ची हथकढ़ शराब भी जब्त की है।
विज्ञापन
पुलिस को ट्रक से तीन गोवंश मृत मिले, जिन्हें दफनाया गया। वहीं 21 गोवंश को पुलिस ने गौशाला को सौंप दिया है। ट्रक की तलाशी में 10 लीटर कच्ची हथकढ़ शराब भी मिली। अलवर एसपी तेजस्वनी गौतम ने बताया कि देर रात टीम को सूचना मिली कि ज्ञानपुरा की ओर आ रहे एक जयपुर नंबर के ट्रक में गोवंश भरा हुआ है। सूचना पर थानाधिकारी बानसूर रविंद्र सिंह कविया के नेतृत्व में थाना पुलिस ने ज्ञानपुरा रोड पर नाकाबंदी करा दी। पुलिस को करीब 3:15 बजे एक ट्रक पर संदेह हुआ। जिसके बाद पुलिस ने ट्रक को रुकवाने की कोशिश की तो ट्रक चालक गाड़ी को तेजी से भगा ले गया। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ट्रक कुंडली नदी पुलिया पर छोड़कर फरार हो गया।
एसपी ने जानकारी दी कि ट्रक के केबिन में 10 लीटर कच्ची शराब भी मिली। ट्रक को जब्त कर फरार तस्करों के विरुद्ध आरबीए एक्ट, आबकारी एक्ट एवं आईपीसी में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही तस्करों की तलाश की जा रही है।