2018 विधानसभा चुनाव से चर्चा में आए रफीक खान?
राजस्थान की राजनीति में जयपुर शहर की आदर्श नगर सीट से टिकट मिलने से पहले रफीक खान नाम कोई नहीं जानता था। विधानसभा चुनाव के दौरान रफीक खान को टिकट मिलने की कोई चर्चा भी नहीं थी। आदर्श नगर सीट से अशोक गहलोत गुट के राजीव अरोड़ा और पूर्व मंत्री बीना काक के बीच टिकट को लेकर टक्कर थी, लेकिन जब उम्मीदवारों के नाम का ऐलान हुआ तो उसमें रफीक खान का नाम सामने आया था।
चुनाव प्रचार के समय भी हुई थी गफलत
विधानसभा चुनाव में टिकट मिलने के बाद भी रफीक खान अपनी जगह नहीं बना पा रहे थे। इसका नजारा उस समय हो रहे प्रचार-प्रसार में भी देखने को मिल था। दरअसल, अशोक गहलोत रफीक खान के समर्थन में सभा करने के लिए पहुंचे थे, लेकिन वह 2 मिनट में ही भाषण खत्म कर चले गए। उनके साथ आईं तत्कालीन राजस्थान स्क्रीनिंग कमेटी की चेयरमैन कुमारी सैलजा ने भी भाषण नहीं दिया था।
सभा में लगे नारे कौन है रफीक खान?
चुनाव के दौरान भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार करने के लिए योगी आदित्यनाथ जयपुर आए थे। इस दौरान उनकी सभा में रफीक खान कौन है जैसे नारे लगे थे। मामला इतना बढ़ा कि बाद में रफीक खान को सफाई तक देनी पड़ रही थी कि मैं पीसीसी का मेंबर रहा हूं।
अमीर विधायकों की सूची में शामिल हैं रफीक
कांग्रेस विधायक रफीक खान राजस्थान के सबसे अमीर विधायकों में शामिल हैं। वे कार शोरूम और वर्कशॉप के मालिक होने के साथ-साथ खनन का कारोबार भी करते हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में दिए गए हलफनामें में उन्होंने अपनी संपत्ति 48.50 करोड़ रुपये बताई थी।
चुनाव के समय नहीं थी कार
चुनाव के दौरान करोड़पति विधायक रफीक खान ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में स्वयं के पास कोई कार नहीं होने की बात कही थी। हालांकि, उस समय वे महंगी गाड़ियों से ही प्रचार कर रहे थे। ये गाड़ियां उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर थीं।
गहलोत गुट के नेता हैं रफीक खान
विधायक रफीक खान राजस्थान अल्पसंख्यक बोर्ड के चेयरमैन भी हैं। उन्हें सीएम अशोक गहलोत गुट का नेता माना जाता है। सचिन पायलट की खिलाफ के समय रफीक ने गहलोत का साथ दिया था।