Ajmer: निर्भया ब्रावो अवॉर्ड के तहत 10 विभिन्न क्षेत्रों से 28 प्रभावशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा, रक्षा, कानून, पुलिस, सामाजिक सेवा, खेल, महिला उद्यमिता और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी महिलाएं शामिल थीं।
मंगलवार को सोफिया गर्ल्स कॉलेज अजमेर के सहयोग से निर्भया सेना राजस्थान द्वारा महिला आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर और निर्भया ब्रावो अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया गया। महिला सशक्तिकरण की दिशा में यह कार्यक्रम एक सराहनीय पहल रहा, जिसका उद्देश्य बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करना और समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करना था।
विज्ञापन
कार्यक्रम में अजमेर शहर के 22 स्कूलों और संस्थानों से 1200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह राष्ट्रीय स्तर का शिविर रहा, जिसमें कई विशिष्ट अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम को गौरवान्वित किया। इनमें विधायक अनीता भदेल, सीआरपीएफ कमांडेंट राम मीना, वित्तीय सलाहकार पद्मिनी सिंह (जेएलएन मेडिकल कॉलेज), सीआरपीएफ अधिकारी अंजना यादव, डॉ. रेखा मेहरा (प्राचार्य, इंजीनियरिंग कॉलेज, अजमेर) और आनंद ठाकुर शामिल रहे।
कार्यक्रम में निर्भया ब्रावो अवॉर्ड के तहत 10 विभिन्न क्षेत्रों से 28 प्रभावशाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इनमें शिक्षा, रक्षा, कानून, पुलिस, सामाजिक सेवा, खेल, महिला उद्यमिता और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी महिलाएं शामिल थीं। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य प्रो. सिस्टर पर्ल को निर्भया सेना सूरत द्वारा 'नारी शक्ति पुरस्कार' से सम्मानित किया गया, जो देशभर से चयनित 250 महिलाओं को प्रदान किया गया है।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को आत्मरक्षा के गुर सिखाना, महिलाओं की उपलब्धियों को पहचान दिलाना और समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश फैलाना रहा। निर्भया सेना राजस्थान के संस्थापक मुकेश राठौड़ और उपाध्यक्ष कमल किशोर की इस संयुक्त पहल को खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम के अंत में यह भी घोषणा की गई कि आगामी माह में दो और आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इनकी विस्तृत जानकारी वेबसाइट www.nirbhayasenarajasthan.com पर उपलब्ध कराई जाएगी। यह पहल न केवल समाज में जागरूकता बढ़ाने में सहायक होगी, बल्कि महिला शक्ति को नई दिशा देने में भी मील का पत्थर साबित होगी।