तोपदड़ा क्षेत्र स्थित गढ़वाल पैलेस में शनिवार को नारी न्याय सम्मेलन एवं शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल के पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। इस अवसर पर राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेशाध्यक्ष सारिका सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने सम्मेलन में भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला और राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर तीखा प्रहार किया।
सारिका सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भ्रमण, भोजन और भजन में व्यस्त हैं, जबकि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता के असली मुद्दों से पूरी तरह कट चुकी है और विकास की बजाय केवल सियासत में उलझी हुई है। उन्होंने निकाय चुनावों को लेकर भी सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को हार का डर सता रहा है, इसलिए चुनाव टाले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अजमेर सहित पूरे प्रदेश में महिलाओं के प्रति अपराधों में निरंतर बढ़ोतरी हो रही है, दुष्कर्म और उत्पीड़न की घटनाएं सामने आ रही हैं लेकिन सरकार संवेदनशीलता दिखाने के बजाय आंख मूंदे बैठी है। उन्होंने महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़ ने भी भाजपा की ‘ट्रिपल इंजन सरकार’ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र, राज्य और नगर निगम तीनों स्तरों पर भाजपा को जनता ने मौका दिया, लेकिन बदले में शहर को टूटी सड़कों, गंदगी और बेरोजगारी के सिवाय कुछ नहीं मिला। राठौड़ ने अजमेर एलिवेटेड रोड (रामसेतु) का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह परियोजना केंद्र सरकार की स्मार्ट सिटी योजना के तहत करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से बनी थी।
उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक न्याय की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दलित, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदायों के साथ हो रहे भेदभाव और अन्याय की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सरकार मौन है। राठौड़ ने कहा कि जनता ने डबल इंजन नहीं, ट्रिपल इंजन सरकार बनाकर देख ली, लेकिन अब सभी इंजन फेल हो गए हैं। जनता में भारी आक्रोश है, जिसका जवाब वे आने वाले निकाय और पंचायत चुनावों में अवश्य देंगे।