Ajmer News: अजमेर में इन दिनों चल रहे ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती के 813वें सालाना उर्स के मौके पर बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की ओर से भेजी गई चादर पेश हुई। दरगाह में अकीदत के फूल और मखमली चादर पेश कर देश में अमन, चैन और भाईचारा बना रहने के लिए दुआ की गई।
ख्वाजा गरीब नवाज के सालाना उर्स में लगातार राजनेताओं की चादरें दरगाह में पेश हो रही है और देश में अमन चैन व खुशहाली की कामना की जा रही है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चादर के बाद तमाम राजनेताओं की चादर दरगाह में आने का सिलसिला लगातार जारी है।
विज्ञापन
बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी की चादर महाराष्ट्र बीजेपी अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष असलम खान लेकर पहुंचे थे। ये चादर दरगाह के खादिम सैयद अफसान चिश्ती की सदारत में पेश की गई। चादर पेश कर देश में अमन चैन और भाईचारा बना रहने की दुआ की गई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की ओर से भेजा क्या संदेश भी पढ़ा गया।
नितिन गडकरी का भेजा गया संदेश
महान सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन हसन चिश्ती के 813वें वार्षिक उर्स के अवसर पर विश्वभर में उनके अनुयाइयों को बधाई व शुभकामनाएं। भारत की पहचान कही जाने वाली गंगा जमुनी तहजीब और सामाजिक सद्भाव को हमेशा ही ख्वाजा गरीब नवाज की शिक्षाओं ने मजबूती दी है। वे भारत के महान आध्यात्मिक परंपराओं के प्रतिक है एवं उनके द्वारा की गयी मानवता की सेवा हमें उदाहरण स्वरुप याद रखनी चाहिए। उर्स के पावन अवसर पर देश की तरक्की, खुशहाली की दुआ करता हूं।