एबीवीपी कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प के बाद माहौल गरमाया
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर के प्रतिष्ठित मिशनरी सोफिया कॉलेज में आयोजित डांडिया नाइट कार्यक्रम विवादों में घिर गया है। कार्यक्रम के दौरान एंकर द्वारा छात्राओं को संबोधित करते हुए की गई टिप्पणी ‘किसी का सैयां है क्या, तो दिखाओ अपनी एनर्जी’ ने छात्राओं और दर्शकों को असहज कर दिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही कॉलेज प्रशासन और छात्र संगठनों के बीच टकराव का कारण बन गया।
एबीवीपी का प्रदर्शन और पुलिस से नोकझोंक
विवाद बढ़ने पर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने कॉलेज के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने और अश्लीलता फैलाने का आरोप लगाते हुए प्राचार्य से सार्वजनिक माफी की मांग की।
स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज गेट पर चढ़ने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिस ने जाब्ता तैनात कर स्थिति को संभाला। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई और एबीवीपी ने सड़क जाम कर दी, जिसे पुलिस ने बलपूर्वक खुलवाया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan Spy Camera Controversy: जासूसी कैमरा विवाद; टीकाराम जूली ने राष्ट्रपति से मिलने का समय मांगा
कॉलेज प्रशासन का रुख और छात्रों की चेतावनी
बाद में कॉलेज प्रिंसिपल ने छात्रों से वार्ता की, लेकिन माफी देने से इनकार कर दिया। इससे आक्रोशित छात्रों ने जमकर नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अपनी गलती स्वीकार नहीं करता तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
एबीवीपी का आरोप और सुरक्षा व्यवस्था
एबीवीपी महानगर सहमंत्री वीरेन्द्र जडेजा ने कहा कि मिशनरी संस्था द्वारा संचालित सोफिया कॉलेज ने पवित्र सांस्कृतिक आयोजन को अश्लीलता का केंद्र बना दिया है। उनका आरोप है कि इस तरह की टिप्पणी छात्राओं का और धार्मिक भावनाओं का अपमान है। विवाद को देखते हुए पुलिस ने कॉलेज परिसर के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और प्रशासन हालात पर नजर रखे हुए है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: अलवर सेंट्रल जेल में तलाशी के दौरान मोबाइल और सिम बरामद, दो कैदियों के खिलाफ मामला दर्ज