अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव और राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट मंगलवार को पुष्कर में आयोजित कांग्रेस के चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए अजमेर पहुंचे। जयपुर से पुष्कर जाते समय गेगल टोल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। महेंद्र सिंह रलावता के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सचिन पायलट को माला पहनाई और साफा बांधकर अभिनंदन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और उत्साह दिखाई दिया।
भाजपा सरकार पर बोला हमला
मीडिया से बातचीत के दौरान सचिन पायलट ने केंद्र और राजस्थान की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हार के डर से पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव टाल रही है। पायलट ने कहा कि हाई कोर्ट के निर्देशों के बावजूद चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, क्योंकि सरकार को जनता के बीच अपनी कमजोर स्थिति का अंदाजा हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार छात्रसंघ चुनाव कराने से भी बच रही है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर सरकार घिरी
सचिन पायलट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है, लेकिन इसके बावजूद केंद्र सरकार ने 11 दिनों में चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा दिए। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार महंगाई बढ़ाकर गरीब और मध्यम वर्ग की जेब पर सीधा बोझ डाल रही है। जनता महंगाई से परेशान है, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय कीमतें बढ़ाने में लगी हुई है।
नीट पेपर लीक और युवाओं के मुद्दे पर भी उठाए सवाल
नीट पेपर लीक मामले पर पायलट ने कहा कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा कि युवाओं का भविष्य दांव पर लगा हुआ है, लेकिन सरकार इस गंभीर मुद्दे को लेकर संवेदनशील नजर नहीं आ रही। उन्होंने कहा कि सरकार को युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर कदम उठाने चाहिए।
कानून व्यवस्था और विकास को लेकर सरकार पर निशाना
सचिन पायलट ने कहा कि राजस्थान में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि डबल इंजन सरकार विकास के दावों में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से परेशान है, लेकिन भाजपा सरकार मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
राहुल गांधी के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए सचिन पायलट ने कहा कि राहुल गांधी जो भी कहते हैं, सोच-समझकर कहते हैं और उनका बयान भविष्य में सही साबित होगा। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे महेंद्र सिंह रलावता, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय जैन सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।