राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने कक्षा 12वीं परीक्षा-2026 के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कंप्यूटर विज्ञान, इंफॉर्मेटिक्स और चित्रकला विषयों की परीक्षा का समय बदला गया है।
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (आरबीएसई) ने वर्ष 2026 की बारहवीं कक्षा की परीक्षाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बोर्ड ने परीक्षा कार्यक्रम में आंशिक संशोधन करते हुए कुछ विषयों के परीक्षा समय में परिवर्तन किया है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। बोर्ड का कहना है कि यह बदलाव विद्यार्थियों की सुविधा और सुचारू परीक्षा संचालन को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
विज्ञापन
इन दो पारियों में होगी परीक्षा
बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बारहवीं कक्षा के कंप्यूटर विज्ञान, इंफॉर्मेटिक्स और चित्रकला विषय की परीक्षाएं अब सुबह की पारी के बजाय दोपहर की पारी में आयोजित की जाएंगी। पहले इन विषयों की परीक्षा सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक निर्धारित थी, लेकिन अब इन्हें दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया
उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को होने वाली कंप्यूटर विज्ञान और इंफॉर्मेटिक्स विषय की परीक्षा संशोधित समय के अनुसार दोपहर 2 बजे से शाम 5.15 बजे तक होगी। इसी प्रकार 24 फरवरी को आयोजित होने वाली चित्रकला विषय की परीक्षा भी इसी समयावधि में संपन्न कराई जाएगी। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि इन विषयों को छोड़कर अन्य सभी विषयों की परीक्षाएं पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित होंगी।
विज्ञापन
बोर्ड ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे संशोधित समय-सारणी को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारी करें और परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचें। किसी भी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए छात्र समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर उपस्थित रहें और प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का पालन करें।
अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा
बोर्ड सचिव ने यह भी बताया कि बारहवीं (उच्च माध्यमिक) की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की जाएंगी। इस दौरान प्रदेश के 15 जिलों में कुल 51 परीक्षा केंद्रों को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और अतिरिक्त पुलिस जाप्ता तैनात किया जाएगा ताकि परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रश्नपत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सख्त किया गया है। पुलिस थानों और चौकियों में प्रश्नपत्र रखे जाएंगे। इनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी संबंधित जिला कलक्टर, पुलिस अधीक्षक तथा परीक्षा संचालन समिति की होगी। बोर्ड का उद्देश्य है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था को रोका जाए और परीक्षाएं पारदर्शिता के साथ संपन्न हों।