माध्यमिक शिक्षा बोर्ड राजस्थान अजमेर
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE), अजमेर द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा 2025 में शामिल लाखों छात्र-छात्राएं अब अपने परीक्षा परिणाम का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 12वीं बोर्ड का परिणाम जारी हो चुका है, और अब 10वीं के रिजल्ट को लेकर छात्रों में उत्सुकता चरम पर है। बोर्ड सूत्रों के मुताबिक, 10वीं कक्षा का परिणाम 28 या 29 मई 2025 को जारी किया जा सकता है, हालांकि अभी तक बोर्ड द्वारा आधिकारिक रूप से तारीख की पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि पिछले साल 2024 में भी 10वीं का रिजल्ट 29 मई को ही जारी किया गया था।
इस वर्ष राजस्थान बोर्ड 10वीं परीक्षा में कुल 10,96,085 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। परीक्षा का आयोजन 6 मार्च से 4 अप्रैल 2025 के बीच राज्यभर में किया गया था। अब रिजल्ट की घोषणा के साथ ही छात्रों की मेहनत का फल सामने आने वाला है। रिजल्ट देखने के बाद छात्रों को अपनी मार्कशीट को ध्यानपूर्वक जांचना चाहिए। उसमें नाम, रोल नंबर, विषयवार अंक, पास स्टेटस, ग्रेड आदि विवरण सही ढंग से दर्ज हैं या नहीं, इसकी पुष्टि कर लेनी चाहिए। किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित स्कूल या बोर्ड कार्यालय से संपर्क करना चाहिए।
पढ़ें: एसआई भर्ती मामले की सुनवाई से पहले AAG ने लगाया प्रार्थना पत्र, कोर्ट ने 1 जुलाई की तारीख दी
यह था पिछले साल का रिजल्ट
2024 में राजस्थान बोर्ड 10वीं का कुल पास प्रतिशत 93.03% रहा था। उस साल 10.60 लाख छात्रों ने परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 10.39 लाख छात्र परीक्षा में उपस्थित हुए थे। इनमें से 9.67 लाख छात्रों ने परीक्षा पास की थी। पिछले साल भी छात्राओं ने बाजी मारी थी। लड़कियों का पास प्रतिशत 93.66% रहा था, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 92.64% रहा। यह आंकड़े बताते हैं कि छात्राएं शैक्षणिक क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।
रिजल्ट के बाद आगे क्या करें?
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों को अगले शैक्षणिक सत्र की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। वे अपने रूचि और अंकों के आधार पर साइंस, कॉमर्स या आर्ट्स जैसी स्ट्रीम का चयन कर सकते हैं। जो छात्र अपने परिणाम से असंतुष्ट होंगे, वे रीवैल्यूएशन या स्क्रूटनी के लिए आवेदन कर सकते हैं। छात्रों को सलाह दी जाती है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और भरोसेमंद स्रोतों से ही जानकारी प्राप्त करें। अफवाहों से बचें और रिजल्ट जारी होने की आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।