राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा, 2023 के अंतर्गत साक्षात्कार के तृतीय चरण में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र (इंटरव्यू लेटर) आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं।
आयोग की उप सचिव चित्रा जैनानी ने जानकारी दी कि साक्षात्कार का आयोजन 19 मई से 28 मई 2025 तक किया जाएगा। इस चरण में शामिल होने वाले अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपने इंटरव्यू लेटर डाउनलोड कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन पत्र की दो प्रतियां, अटेस्टेशन फॉर्म की दो प्रतियां, सेवा प्राथमिकता क्रम की दो प्रतियां और समस्त संलग्नक दस्तावेजों की स्वहस्ताक्षरित प्रति (मूल दस्तावेजों सहित) साथ लानी होंगी।
उल्लेखनीय है कि साक्षात्कार पत्र डाक या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे, न ही ऑफलाइन आवेदन पत्र अथवा सेवा प्राथमिकता क्रम स्वीकार किए जाएंगे। अभ्यर्थियों से आग्रह है कि वे आयोग की वेबसाइट पर जाकर समय पर अपने दस्तावेज डाउनलोड कर लें और आवश्यक तैयारी के साथ निर्धारित तिथि पर साक्षात्कार में उपस्थित हों।
असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर तथा जियोलॉजिस्ट प्रतियोगी परीक्षा-2024
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा असिस्टेंट माइनिंग इंजीनियर प्रतियोगी परीक्षा-2024 एवं जियोलॉजिस्ट प्रतियोगी परीक्षा-2024 की मॉडल उत्तर कुंजियां आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। इन मॉडल उत्तर कुंजियां पर किसी अभ्यर्थी को कोई आपत्ति हो तो निर्धारित शुल्क के साथ 14 मई से 16 मई 2025 को रात्रि 12ः00 बजे तक अपनी आपत्ति ऑनलाइन दर्ज करवा सकता है।