Ajmer: आरएएस 2023 परीक्षा के माध्यम से कुल 972 पदों पर भर्ती की जा रही है। आयोग ने इस परीक्षा की मुख्य परीक्षा का परिणाम 2 जनवरी 2025 को घोषित किया था। इसके बाद प्रथम चरण के साक्षात्कार 21 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हुए थे। इसके पश्चात चरणबद्ध रूप से साक्षात्कारों का आयोजन किया जा रहा है, जो अब चतुर्थ चरण में पहुंच चुका है।
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2023 (आरएएस 2023) के चतुर्थ चरण के साक्षात्कार सोमवार, 2 जून 2025 से प्रारंभ हो गए हैं। आयोग के सचिव रामनिवास मेहता ने जानकारी दी कि यह साक्षात्कार पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 13 जून 2025 तक आयोजित किए जाएंगे। इस चरण में चयनित अभ्यर्थियों को आयोग के निर्देशानुसार दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है।
विज्ञापन
साक्षात्कार के लिए आवश्यक दस्तावेज
साक्षात्कार में सम्मिलित हो रहे अभ्यर्थियों को आयोग द्वारा ऑनलाइन भरे गए विस्तृत आवेदन-पत्र की दो प्रतियों के साथ-साथ समस्त शैक्षणिक और अनुभव प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित फोटो प्रतियां भी लानी होंगी। यदि कोई अभ्यर्थी वांछित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करता है, तो उसकी उम्मीदवारी पर प्रश्नचिह्न लग सकता है। इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
प्रक्रिया लंबे समय से जारी
उल्लेखनीय है कि आरएएस 2023 परीक्षा के माध्यम से कुल 972 पदों पर भर्ती की जा रही है। आयोग ने इस परीक्षा की मुख्य परीक्षा का परिणाम 2 जनवरी 2025 को घोषित किया था। इसके बाद प्रथम चरण के साक्षात्कार 21 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हुए थे। इसके पश्चात चरणबद्ध रूप से साक्षात्कारों का आयोजन किया जा रहा है, जो अब चतुर्थ चरण में पहुंच चुका है।
नई सूची में चयनित अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक कार्यवाही
मुख्य परीक्षा परिणाम के आधार पर 25 अप्रैल और 27 मई 2025 को जारी हुई चयन सूची में सम्मिलित कुल 31 (3 + 28) अभ्यर्थियों एवं दो ऐसे अभ्यर्थियों, जिन्होंने पूर्व में विस्तृत आवेदन-पत्र नहीं भरे थे, को 28 मई से 1 जून 2025 (रात्रि 12 बजे तक) ऑनलाइन आवेदन पत्र और सेवा प्राथमिकता क्रम भरना अनिवार्य किया गया था। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के पश्चात किसी भी प्रकार का दूसरा अवसर नहीं दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण सूचना आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध
सभी संबंधित अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय-समय पर आरपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर जाकर नवीनतम सूचना देखें एवं दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें, जिससे साक्षात्कार के समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो।