आम आदमी पार्टी अजमेर कार्यकर्ताओं द्वारा सोमवार को राष्ट्रीय नेता गोपाल राय और राजस्थान प्रदेशाध्यक्ष नवीन पालीवाल के आह्वान पर एमडीएस यूनिवर्सिटी और कॉलेज के बाहर मोदी हटाओ-देश बचाओ के पोस्टर लगाए गए। आप राजस्थान उपाध्यक्ष कीर्ति पाठक ने बताया, आम आदमी पार्टी मोदी हटाओ-देश बचाओ अभियान का उद्देश्य देश भर में बीजेपी के बारे में यह संदेश देना है कि भारतीय जनता पार्टी अपने वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।
उन्होंने कहा, किसानों से जो वादे किए गए वह अब तक पूरे नहीं हुए हैं। समस्याओं को सुलझाने के बजाय बीजेपी केवल लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही है। देश के नौजवान जिस तरह से बेरोजगारी की वजह से दर-दर भटक रहे हैं और महिलाएं महंगाई की मार झेल रही हैं। ऐसी स्थिति में देश के प्रधानमंत्री इन समस्याओं का समाधान निकालने और देश की शिक्षा और स्वास्थ्य को बेहतर करने की जगह पूरी ताकत के साथ देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को ख़त्म करने में लगे हुए हैं। यह वही लोकतांत्रिक व्यवस्था है, जिसे आज़ादी के बाद संविधान की बुनियाद पर लाया गया।
कीर्ति पाठक ने बताया, मोदी सरकार पूरे विपक्ष को दबाकर भारत को अपने मुट्ठी में करना चाहती है। लेकिन सत्ता और संस्थाएं किसी की ज़िद्द पूरी करने के लिए नहीं होती हैं। आज देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में है। इसे बचाना है तो प्रधानमंत्री मोदी को हटाना बहुत जरूरी है। आप अजमेर लोकसभा प्रभारी त्रिवेंद्र पाठक ने बताया, भारत की न्यायपालिका के ऊपर भी जिस तरह से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, जिस तरह चुनाव आयोग को भी अपने अनुसार संचालित करने की कोशिश हो रही है। ऐसा लगता है कि प्रधानमंत्री ऐसे देश की तरफ बढ़ रहे हैं, जहां किसान परेशान रहे, नौजवान बेरोजगार रहे, छात्र अशिक्षित रहे और महंगाई बढ़ती रहे, लेकिन पूरा भारत उनकी मुट्ठी में रहे। यह जो पूरे भारत को अपनी मुट्ठी में करने का उनका मिशन है, वह तानाशाही का उदाहरण है। लेकिन इस तानाशाही के रास्ते में विपक्ष, भारत की अलग-अलग पार्टियां जो उनके खिलाफ सवाल उठाती हैं, इसलिए विपक्षी पार्टियां उनके आंख की किरकिरी बनी हुई हैं।
ऐसे में उनका मिशन है कि एन केन प्रकारेण, सारे संवैधानिक तंत्र को ख़त्म किया जाए। ऐसे में देश के लोगों के मन में यह डर है कि यदि ऐसे ही हालात रहे और देश के प्रधानमंत्री मोदी बने रहे तो देश का संविधान, लोकतंत्र और भविष्य खतरे में है। क्योंकि हमने देखा है कि जब जिन किसानों ने पूरे एक साल तक हर मौसम को झेलते हुए आंदोलन किया, जब उनकी ही नहीं सुनी गई, तब विपक्ष की आवाज को दबाना तो बहुत ही आम बात है।
23 मार्च को हुई अभियान की घोषणा...
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली के अंदर 23 मार्च को शहीद-ए–आज़म भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के बलिदान दिवस पर जंतर-मंतर पर सभा करके मोदी हटाओ देश बचाओ अभियान की घोषणा की थी। इसके मद्देनजर आज देश भर के 22 राज्यों में हिंदी, अंग्रेजी, मराठी, पंजाबी, मलयालम, उड़िया, कन्नड़, बांग्ला, गुजराती, उर्दू और तेलुगु भाषाओं में मोदी हटाओ-देश बचाओ के पोस्टर लगाए जा रहे हैं। सत्ता और संस्थाए किसी की ज़िद्द पूरी करने के लिए नहीं होती है, अब मोदी ज़िद्द पर उतर आए हैं, इसलिए हमने पोस्टर अभियान के माध्यम से मोदी हटाओ देश बचाओ का नारा पूरे देश में घोषित कर दिया। मोदी हटाओ देश बचाओ अभियान के तहत अजमेर शहर जिलाध्यक्ष रवि बालोटिया, अजमेर देहात जिलाध्यक्ष अक्षय सिंह रावत, अजमेर शहर जिला इवेंट प्रभारी आफाक अली और कार्यालय प्रभारी ऋषिदत्त शर्मा सहित कई कार्यकर्ताओं का सक्रिय योगदान रहा।