आमतौर पर पति और ससुराल वालों की शिकायत लेकर महिलाएं जिला अधिकारियों के पास न्याय की आस लेकर पहुंचती है, लेकिन टोंक में एक अनोखा मामला देखने को मिला। यहां एक पति अपनी पत्नी से परेशान होकर एसपी के पास पहुंचा और मदद की गुहार लगाई है। एसपी से उसने कहा कि वह पत्नी को नहीं रखना चाहता क्योंकि सामाजिक स्तर पर उसका विवाह टूट चुका है। उसने कहा कि जो महिला अपने छोटे बच्चों को छोड़कर दूसरे के साथ चली गई हो उसके साथ जीवन बिताना नामुमकिन है। उसने कहा कि विवाह के समय उसने कभी नहीं सोंचा था कि पत्नी से छुटकारा पाने के लिए उसे एसपी से मदद लेनी पड़ेगी।
टोंक जिले के देवली थानांतर्गत गांवडी गांव के रहने वाला पीड़ित पति राजेश कुमार माली शनिवार को अपने बच्चों और परिवार सहित एसपी मनीष त्रिपाठी के पास ज्ञापन लेकर पहुंचा। एसपी को दिए गए ज्ञापन में उसने अपनी पत्नी नेराजी पर गम्भीर आरोप लगाए हैं। राजेश ने बताया कि 2014 में टोडारायसिंह के बासेड़ा की रहने वाली नेराजी से उसका विवाह हुआ था। एक साल पहले उसकी पत्नी नेराजी दो बच्चीयों को छोड़कर पड़ोस के ही रहने वाले एक युवक के साथ फरार हो गई थी। इस मामले में पुलिस में शिकायत की गई थी। बाद में जब पुलिस ने उसकी पत्नी को बरामद कर लिया तब पत्नी के मायके वालों की मौजूदगी में उसने पत्नी नेराजी को वापस अपने साथ रखने से मना कर दिया था।
पति राजेश ने बताया कि दोनो के बीच विवाद के बाद पंचायत के फैसले के बाद उसकी पत्नी नेराजी का विवाह भीलवाड़ा के जहाजपुर निवासी महावीर सैनी से हो गया था। इसके कुछ माह बाद मई में उसकी पत्नी ने उसके और परिवार के अन्य लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए देवली थाने में मामला दर्ज करवाया था। पुलिस ने इस संबंध में महिला के पति और भाई के खिलाफ देवली कोर्ट में चालान भी पेश किया था। मामला अभी न्यायालय मे विचाराधीन है। अभी तक नेराजी कहीं और रह रही थी, लेकिन गुरुवार रात देवली थाने के पुलिसकर्मी आकर नेराजी को उनके घर छोडकर चले गए।
राजेश ने एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए कहा कि नेराजी फिर से उसके परिवार में आने के लिए इस तरह के हथकंडे अपना रही है। पीड़ित पति ने बताया कि उसकी पत्नी एक साल पहले आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है और अब दोबारा उसके घर पर उसने आत्महत्या का प्रयास किया तो उसके परिवार पर आरोप लगाए जाएंगे।
उसने ज्ञापन में कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर उसे न्याय दिलवाया जाए। इस पूरे मामले में देवली थानाधिकारी का कहना है पुलिस की ओर से पहला प्रयास दोनों के बीच राजीनामा करवाने का किया जाएगा। अगर दोनों स्वैच्छा से साथ रहना चाहें तो रहे। उन्होंने बताया कि इस मामले में तलाक और मेंटेंनेस का लीगल कदम भी उठाया हुआ है।