मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को 17 जनवरी को जयपुर जेल से फोन कॉल पर जान से मारने की धमकी के मामले में चार आरोपियों को एतियात के तौर पर अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में कड़ी सुरक्षा के बीच शिफ्ट कर दिया गया है। चारों आरोपी सजायाफ्ता कैदी हैं, जयपुर सेंट्रल जेल में रहते हुए इन लोगों ने सीएम को धमकी दी थी।
इस घटना से जेल और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। आरोपियों ने पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर सीएम भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी दी थी। जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ ने बताया कि आरोपी मुकेश इशरानी पुत्र मिर्चुमल, हनुमाना राम विश्नोई पुत्र विरमाराम, चेतन पुत्र लालचंद जाट और राकेश जैन पुत्र लालचंद जैन को जयपुर सेंट्रल जेल से अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में भेजा गया है। जेल अधीक्षक पारस जांगिड़ के अनुसार, चारों आरोपियों को एकांत कोठरी में रखा गया है। वर्तमान में हाई सिक्योरिटी जेल में ऐसे 220 कैदी रखे गए हैं, जो सामान्य जेल की सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए खतरा बने हुए थे।
सुरक्षा के लिए लिहाज से जयपुर सेंट्रल जेल काफी सख्त माना जाता हैं। कहते हैं कि यहां परिंदा भी पर नहीं मार सकता, लेकिन यहां के कैदी द्वारा सीएम को जान से मारने की धमकी का फोन कॉल किए जाने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे। वहीं, प्रदेश की सबसे सुरक्षित जेल मानी जाने वाली अजमेर की हाई सिक्योरिटी जेल में हार्डकोर अपराधियों को रखा जाता है। लॉरेंस बिश्नोई, आनंदपाल जैसे हार्डकोर अपराधी भी इसी जेल में रह चुके हैं। आपको बता दें कि प्रदेश की जेलों से धमकी भरे कॉल और रंगदारी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।