ब्यावर जिले के निवासी असम एसएसबी में तैनात सूरजपुरा गांव के एक सैनिक की हार्ट अटैक से कैंप में ही मौत हो गई। जवान गोवर्धन लाल एसएसबी में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे।
उनके परिजनों ने बताया कि पांच भाई और दो बहने हैं, गोवर्धन तीसरे नंबर पर थे। पिता की मौत 14 जनवरी 2023 को हुई थी, उनकी पढ़ाई सूरजपुरा में हुई थी। गोवर्धन के दो बच्चे हैं, जिनमें एक लड़का और एक लड़की है। साल 2006 में सेना में भर्ती हुए थे। पूरा परिवार इनका अजमेर में ही निवास करता है। उनके सभी भाई सेना में जवान हैं। गोवर्धन की अचानक हार्ट अटैक आने से मौत हो गई। उनका शव उनके पैतृक गांव सूरजपुरा में एसएसबी के जवानों द्वारा लाया गया व सलामी के बाद उनका अंतिम संस्कार किया गया।
सेना के जवानों और ग्रामीणों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। जवान का शव उनके गांव पहुंचते ही चारों ओर सन्नाटा छा गया। पत्नी और बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल था। उनकी अंतिम विदाई के समय सभी ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। जवान अपने मृदु व सहज स्वभाव के कारण सभी के प्रिय थे। ग्रामीणों ने बताया कि जब कभी भी वे छुट्टी पर घर आते तो सभी के यहां जा-जा कर मिलते थे।