जिले की पीसांगन थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आज आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी कर रही है।
थानाधिकारी प्रहलाद सहाय मीणा ने बताया कि 8 जून को एक नाबालिग किशोरी अपने गांव से बकरियां चराने के लिए जंगल गई थी, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने 9 जून को पीसांगन थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज करवाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एएसआई सोहन काठात, हेड कांस्टेबल गणेशराम सामरिया, कांस्टेबल प्रकाश जाखड़, राजेंद्र थांकण, शोभाराम जाखड़ और महिला कांस्टेबल प्रीति वैष्णव शामिल थे।
ये भी पढ़ें: RSSB VDO Vacancy 2025: राजस्थान में ग्राम विकास अधिकारी के 850 पदों पर भर्ती, आयु सीमा में मिलेगी 3 साल की छूट
पुलिस टीम ने सुराग जुटाते हुए 19 वर्षीय आरोपी बबूल उर्फ बबलू पुत्र रंगलाल काठात, निवासी गुवाड़िया (ब्यावर) को गिरफ्तार कर लिया और पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया, फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।
पुलिस ने मामले को संवेदनशील मानते हुए पूरी कार्रवाई को गोपनीयता और शीघ्रता से अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।