अजमेर से दिल्ली कैंट के बीच चलने वाली वंदे भारत ट्रेन का जयपुर के गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। यह ट्रेन आते और जाते समय दो मिनट के लिए गांधीनगर स्टेशन पर रुकेगी। इससे यात्रियों को काफी फायदा होगा।
बता दें कि तीन दिन पहले जयपुर दौरे पर आए रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एलान किया था कि अजमेर से दिल्ली कैंट के बीच चलने वाली वंदेभारत ट्रेन का अब गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव होगा। साथ ही रेल मंत्री ने 12 जनवरी को जयपुर जंक्शन और सांगानेर स्टेशन का दौरा कर री-डेवलपमेंट कार्यों का जायजा लिया था।
आते और जाते समय 2 मिनट का होगा ठहराव
रेल मंत्रालय के मुताबिक, ट्रेन संख्या 20977/20978 अजमेर-दिल्ली कैंट-अजमेर वंदे भारत सुपरफास्ट एक्सप्रेस का 18 जनवरी से गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर अस्थाई रूप से स्टॉपेज होगा। यह ट्रेन अजमेर से आते हुए गांधीनगर पर सुबह 7.58 बजे रुकेगी और दिल्ली कैंट से आते हुए गांधीनगर पर रात 9.53 बजे रुकेगी। दोनों तरफ से इस ट्रेन का दो मिनट का ठहराव रहेगा।
अब तक इन स्टेशनों पर रुकती थी ट्रेन
बता दें कि अजमेर-दिल्ली कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पिछले साल 12 अप्रैल से शुरू हुई थी। इस ट्रेन का अभी चार स्टेशनों पर ही ठहराव है। यह ट्रेन अजमेर से रवाना होकर जयपुर, अलवर, रेवाड़ी और गुड़गांव होते हुए दिल्ली कैंट पहुंचती है। लेकिन, अब यह ट्रेन गांधीनगर रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी।
अमृत स्टेशन योजना अंतर्गत 16 करोड़ में बदलेगा कपासन स्टेशन का स्वरूप
अमृत स्टेशन योजना अंतर्गत देश के 500 से अधिक रेलवे स्टेशनों पर विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनका शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। इनमें अजमेर मंडल में चित्तौड़गढ़- उदयपुर खंड पर स्थित कपासन स्टेशन भी शामिल है। मंडल रेल प्रबंधक राजीव धनखड़ के मार्गदर्शन में इस स्टेशन के कायाकल्प का कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। स्टेशन बिल्डिंग की डिजाइन फाइनल कर विभिन्न कार्यों हेतु टेंडर कर दिए गए हैं। वर्तमान में स्टेशन बिल्डिंग के फाउंडेशन संबंधित कार्य चल रहा है।
अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत कपासन स्टेशन पर 16.39 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास कार्य किए जाएंगे। जो कार्य किए जाएंगे वे इस प्रकार हैं। अलग प्रवेश और निकास द्वार के साथ सर्कुलेटिंग क्षेत्र का विकास, ऑटो, दोपहिया और चार पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, यात्रियों को उतारने और चढ़ाने के लिए पोर्च, मुख्य प्रवेश द्वार पर पोर्च सहित नया स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म दो पर उच्च स्तरीय प्लेटफॉर्म फूड प्लाजा का प्रावधान, रिजर्व लाउंज और नया स्टेशन अधीक्षक कक्ष, प्लेटफार्म शेल्टर, दिव्यांगजनों के लिए सुविधायुक्त शौचालय, पानी बूथ, बेहतर साइनेज, प्लेटफार्मों पर कोच इंडिकेशन बोर्ड, फर्नीचर तथा 12 मीटर चौड़े फुट ओवर ब्रिज जैसी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत चयनित स्टेशनों के कार्यों की समीक्षा और निरीक्षण स्वयं मंडल रेल प्रबंधक अजमेर राजीव धनखड़ द्वारा किया जा रहा है। मंडल रेल प्रबंधक ने अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत जारी कार्यों की समीक्षा कर अधीनस्थ अधिकारियों को कार्य और भी तीव्र गति से किए जाने हेतु निर्देश दिए हैं।