रेलवे मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात करते राज्यमंत्री
जिले के जायल विधानसभा क्षेत्र के एकमात्र रेलवे स्टेशन बड़ी खाटू पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर क्षेत्रीय विधायक और राज्यमंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने बड़ी खाटू स्टेशन पर दिल्ली सराय रोहिल्ला, जोधपुर एक्सप्रेस, कामाख्या एक्सप्रेस और भगत की कोठी एक्सप्रेस के ठहराव का अनुरोध किया।
डॉ. बाघमार ने रेलमंत्री को अवगत कराया कि बड़ी खाटू स्टेशन पर 60 वर्षों से एक्सप्रेस और साधारण ट्रेनों का ठहराव हो रहा था, लेकिन कोरोना काल में एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बड़ी खाटू जायल, डेगाना, मकराना और डीडवाना तहसील का संगम स्थल है, जहां से बड़ी संख्या में लोग व्यापार और अन्य कार्यों के लिए यात्रा करते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि बड़ी खाटू में दीपेश्वर आश्रम और बाबा समन दीवान की दरगाह होने के कारण दूर-दराज से श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं। इसके अलावा बड़ी खाटू का सेंड स्टोन विदेशों तक निर्यात होता है, जिससे व्यापार के लिए भी आवागमन बना रहता है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जल्द ही मंत्रालय स्तर पर परीक्षण करवाने के बाद बड़ी खाटू स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर सकारात्मक आश्वासन दिया है। इस मौके पर बड़ी खाटू रेलवे विकास समिति के पदाधिकारी नरपत कोठारी, नवाब गैसावत और अन्य प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।