एमडीएस विश्वविद्यालय ने जारी की परीक्षा शुल्क सूची
- फोटो : अमर उजाला
महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय (एमडीएसयू) ने सत्र 2025-26 के लिए विभिन्न परीक्षाओं की संशोधित शुल्क सूची अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दी है। विश्वविद्यालय के अनुसार इस बार सेमेस्टर प्रणाली के विद्यार्थियों के परीक्षा शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया गया है। वहीं वार्षिक पद्धति से परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के शुल्क में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि यह वृद्धि शैक्षणिक संरचनाओं, परीक्षा प्रबंधन और संसाधनों पर बढ़ते खर्चों को देखते हुए आवश्यक थी।
विशेष श्रेणियों के विद्यार्थियों को पूर्ण छूट
इस वर्ष एमडीएसयू ने कई विशेष श्रेणियों के विद्यार्थियों को संपूर्ण परीक्षा शुल्क छूट देने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों में अध्ययनरत नेत्रहीन छात्र-छात्राओं को पूरी तरह शुल्क मुक्त रखा गया है। साथ ही, ऐसे आश्रित विद्यार्थियों को भी पूर्ण छूट दी गई है जिनके माता-पिता दोनों की मृत्यु प्राकृतिक आपदा, आतंकवादी घटना, गंभीर दुर्घटना में हुई हो या फिर दोनों में से कोई स्थायी रूप से शारीरिक रूप से अक्षम हो गया हो। इन छात्रों को अब परीक्षाओं के लिए शुल्क नहीं देना होगा।
यह भी पढ़ें- Rajasthan: ‘भाजपा का बस चले तो वह चुनाव करवाए ही नहीं’, धन वितरण और SIR को लेकर निर्वाचन आयोग पर भी बरसे पायलट
कुष्ठ रोग पीड़ितों की संतानों को भी मिलेगी सुविधा
शिक्षा के अधिकार को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए विश्वविद्यालय ने कुष्ठ रोग पीड़ितों की संतानों को भी पूरी परीक्षा शुल्क छूट प्रदान की है। यह सुविधा केवल उन विद्यार्थियों को मिलेगी जो नियमित रूप से विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में अध्ययनरत हैं।
कॉलेजों को निर्देश जारी, वेबसाइट पर उपलब्ध सूची
विश्वविद्यालय ने सभी संबद्ध कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि वे नई शुल्क संरचना और छूट संबंधी जानकारी विद्यार्थियों तक समय पर पहुंचाएं, ताकि आवेदन और परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की दिक्कत न हो। फीस सूची विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है और विद्यार्थी इसे आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं।