अजमेर जिले के केकड़ी उपखंड के सावर थाना क्षेत्र के पीपलाज गांव में 75 वर्षीय वृद्ध महिला को अकेली देखकर उसकी नाक में पहनी सोने की नथ झपटकर फरार होने के मामले में सावर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने की नथ और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने तीन अन्य वारदातों में शामिल होना भी कबूल किया है।
महिला के घर लौटते समय झपटी सोने की नथ
पुलिस के अनुसार, केकड़ी उपखंड के पीपलाज निवासी 75 वर्षीय कमला पत्नी जगन्नाथ खाती ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 14 सितंबर की सुबह करीब साढ़े 10 बजे वह अपने बाड़े से घर लौट रही थी। इसी दौरान गांव के आईटी सेंटर के पास कादेड़ा की ओर से लाल रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उसके पास आए। बाइक धीमी कर पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उसकी नाक में पहनी सोने की नथ तोड़ ली और दोनों फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। रिपोर्ट में बताया गया कि घटना के बाद मौके पर पहुंचे भंवरलाल कुमावत ने बाइक सवार दोनों युवकों को पहचान लिया था।
सात दिन में आरोपियों तक ऐसे पहुंची पुलिस
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केकड़ी राजेश कुमार मील एवं वृत्ताधिकारी केकड़ी मनोज कुमार गुप्ता के निकटतम सुपरविजन में सावर थानाधिकारी बनवारी लाल के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय करने के साथ सूचना संकलन और तकनीकी सहायता से आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल से आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मगनपुरा, थाना सावर निवासी मनीष कुमार जाट (25) और अजित कुमार जाट (24) को डिटेन कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने 14 सितंबर को पीपलाज में वृद्ध महिला को अकेली देखकर उसकी सोने की नथ झपटने की वारदात स्वीकार की।
इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक सोने की नथ बरामद की गई तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की गई। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी गहनता से पूछताछ कर रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद और मामलों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है।
ये भी पढ़ें-
राजस्थान निकाय चुनाव: वार्डों के बाद मेयर-अध्यक्ष के नतीजों से तस्वीर साफ, भाजपा के 197 अध्यक्ष निर्वाचित
पूछताछ में तीन अन्य वारदातें भी कबूलीं
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पूछताछ में तीन अन्य वारदातों में शामिल होना भी कबूल किया है। इनमें करीब 4-5 माह पहले केकड़ी सदर थाना क्षेत्र के ग्राम खवास के पास एक महिला को अकेली देखकर उसकी नाक में पहनी सोने की नथ झपटकर ले जाने की बात सामने आई है। इसी प्रकार करीब डेढ़ माह पहले भीलवाड़ा जिले के फुलियाकलां थाना क्षेत्र के ग्राम बडला में वृद्ध महिला को अकेली देखकर उसकी नाक से सोने की नथ झपटकर ले जाने की वारदात स्वीकार की है। इसके अलावा सावर थाना क्षेत्र के ग्राम मोटालाव में दो मंदिरों में रखे दानपात्र तोड़कर नकदी चोरी करने की बात भी पुलिस पूछताछ में सामने आई है।
आरोपियों के खिलाफ पहले भी दर्ज हैं मामले
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनीष कुमार जाट और अजित कुमार जाट के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ पंडेर थाने में वर्ष 2025 में धारा 304(2) के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था। हनुमाननगर थाने में भी धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज है। इसके अलावा अजित कुमार जाट के खिलाफ भांकरोटा थाना, जयपुर पश्चिम में धारा 279 भादंसं. के तहत भी प्रकरण दर्ज होना बताया गया है। कार्रवाई में थानाधिकारी बनवारीलाल मीणा, कांस्टेबल राकेश कुमार, शिवप्रकाश और महेंद्र ने अहम भूमिका निभाई।