मौके पर ग्रामीणों की भीड़ और जांच करती टीम
सावर थाना क्षेत्र के टांकावास गांव में बुधवार सुबह एक युवक का शव लहूलुहान हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव भांडावास जाने वाले रास्ते पर खेत के पास बाइक सहित पड़ा मिला। बताया गया कि युवक के शरीर पर चोटों के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्रित हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टांकावास निवासी राकेश कुमार रैगर (36) पुत्र छोटूलाल रैगर मंगलवार रात घर से निकला था लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा, जिस पर उसके परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी दौरान बुधवार सुबह कुछ ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे, तभी उन्हें भांडावास की तरफ जाने वाले रास्ते के पास बाइक सहित युवक राकेश का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा दिखाई दिया। घटना का पता चलते ही गांव में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
ये भी पढ़ें: राजस्थान: स्पीकर ओम बिरला के ओएसडी को धमकी मामला, उच्च न्यायालय में सुनवाई टली
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील, पुलिस उप अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता तथा सावर थाना प्रभारी बनवारी लाल मीणा पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की परिस्थितियों को संदिग्ध मानते हुए पुलिस हर एंगल से अनुसंधान में जुट गई। पुलिस द्वारा साक्ष्य एकत्रित करने के लिए डॉग स्क्ववाड, एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जिन्होंने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर फैलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच शुरू कर दी है। राकेश की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल गांव में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है।