अजमेर रामसेतु एलिवेटेड रोड धंसने की जांच शुरू
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत करीब 275 करोड़ रुपये की लागत से बने अजमेर के रामसेतु एलिवेटेड रोड के धंसने की तकनीकी जांच अब औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। जयपुर स्थित मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनआईटी) की विशेषज्ञ टीम अजमेर पहुंची और महावीर सर्किल सर्विस लेन पर जेसीबी से खुदाई कर मृदा परीक्षण की प्रक्रिया शुरू की।
मृदा गुणवत्ता पर उठे सवाल
टीम के इंजीनियर एस.डी. भारती ने प्रारंभिक निरीक्षण के बाद आशंका जताई कि समस्या मृदा गुणवत्ता (सॉइल क्वालिटी) से जुड़ी हो सकती है। हालांकि उन्होंने कहा कि अंतिम निष्कर्ष तभी सामने आएगा जब सैंपल टेस्टिंग पूरी होगी। रिपोर्ट अधिकतम 15 दिन में तैयार होगी, लेकिन यदि अधिकारी जयपुर में विस्तृत जानकारी लेते हैं तो टीम सात दिन में भी रिपोर्ट देने का प्रयास करेगी। सिविल इंजीनियर डॉ. नेहा श्रीवास्तव ने भी कहा कि तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही विस्तृत रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
निर्माण एजेंसी से जुटाए तकनीकी ब्योरे
एमएनआईटी टीम ने मौके पर निर्माण एजेंसी राजस्थान राज्य सड़क विकास एवं निर्माण निगम लिमिटेड (आरएसआरडीसी) से भी विस्तृत तकनीकी जानकारी ली। गौरतलब है कि 3 जुलाई को महावीर सर्किल के पास यह रोड धंस गया था, जिसके बाद से इसे यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।