शादी के नाम पर ठगी करने वाला गिरोह पुलिस गिरफ्त में
शादी करवाने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का अजमेर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दलाल सहित एक महिला और एक पुरुष को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से साढ़े चार लाख रुपये बरामद किए हैं। फिलहाल तीनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क और अन्य वारदातों का खुलासा किया जा सके।
उदयपुर के रिटायर्ड गार्ड से की गई ठगी
जीआरपी थाना प्रभारी फूलचंद बालोटिया ने बताया कि 30 अगस्त 2025 को उदयपुर निवासी 60 वर्षीय रिटायर्ड गार्ड शोभालाल माली ने थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। पीड़ित ने बताया कि उसके दोस्त छगनलाल माली ने उसे उदयपुर के अनिल जैन से मिलवाया था। अनिल ने आश्वासन दिया था कि वह गरीब परिवार की लड़की से उसके बेटे की शादी करवाएगा। उसने झारखंड धनबाद निवासी एक लड़की की फोटो मोबाइल पर दिखाकर भरोसा दिलाया और विवाह स्थल के नाम पर दो लाख रुपये ले लिए।
30 अगस्त को अनिल ने शोभालाल को अजमेर रेलवे स्टेशन बुलाया और लड़की के गहनों व रिसेप्शन खर्च के लिए साढ़े चार लाख रुपये और मांगे। पीड़ित पैसे लेकर पहुंचा तो अनिल ने रकम ले ली और बहाना बनाकर गायब हो गया। कुछ देर बाद फोन पर उसने कहा कि लड़की सारे पैसे लेकर भाग गई है। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने किया गिरोह का पर्दाफाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सबसे पहले मुख्य आरोपी अनिल जैन (60) पुत्र चौथमल जैन निवासी उदयपुर को जयपुर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक लाख 30 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अनिल ने अपने साथियों के नाम उजागर किए, जिसके आधार पर पुलिस ने अजमेर दरगाह क्षेत्र से झारखंड धनबाद निवासी महिला प्रियंका मेरी अलायंस (26) और मेघनाथ चार (40) को पकड़ा। इनके कब्जे से दो लाख 70 हजार रुपये बरामद किए गए।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: खाद्य मंत्री के गृह जिले में नकली घी फैक्टरी का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार; केमिकल और मशीनें बरामद
शादी के नाम पर ठगी का धंधा
जांच में सामने आया कि अनिल जैन की शादी चार वर्च पहले धनबाद निवासी महिला से हुई थी। उसी दौरान उसकी मुलाकात प्रियंका और मेघनाथ से हुई और फिर तीनों ने मिलकर शादी के नाम पर ठगी का धंधा शुरू कर दिया। ये लोग पहले लड़की की फोटो दिखाकर रिश्ता तय करते, फिर शादी और रस्मों के नाम पर मोटी रकम वसूलते और महिला को पैसे व गहनों के साथ फरार करवा देते।
पुलिस आगे की जांच में जुटी
थाना प्रभारी बालोटिया ने बताया कि यह गिरोह कई बार शादी के बाद दुल्हन को पैसे और गहनों सहित भागने की योजना बना चुका था। पुलिस अब तीनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और यह भी जांच रही है कि अब तक कितने लोगों से लाखों रुपये हड़पे गए। फिलहाल तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ जारी है ताकि अन्य पीड़ितों और वारदातों की जानकारी मिल सके। पुलिस ने अपील की है कि लोग शादी जैसे संवेदनशील मामलों में जल्दबाजी और लालच से बचें तथा पूरी जांच-पड़ताल के बाद ही कोई लेन-देन करें।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: क्यूआर कोड से दर्ज होगी शिकायतें, 24 घंटे में मिलेगा समाधान; कितनी कारगर साबित होगी ये पहल?