राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से आयोजित राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा (RAS) 2023 के इंटरव्यू का आज आखिरी दिन है। इस परीक्षा के माध्यम से प्रदेश को 972 नए अफसर मिलने जा रहे हैं। आयोग आज देर रात फाइनल रिजल्ट जारी कर सकता है।
आरएएस-2023 भर्ती का विज्ञापन 28 जून 2023 को जारी किया गया था। शुरू में 905 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिनमें राज्य सेवा के 424 और अधीनस्थ सेवा के 481 पद शामिल थे। बाद में पदों की संख्या बढ़ाकर कुल 972 कर दी गई- जिसमें 491 पद राज्य सेवाओं के और 481 पद अधीनस्थ सेवाओं के रहे। इस भर्ती के लिए 6 लाख 96 हजार 969 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से लगभग 4 लाख 57 हजार 927 उम्मीदवारों ने प्रारंभिक परीक्षा में भाग लिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan Finance News: अब एडिशनल चार्ज पर मिलेगा अतिरिक्त कार्य भत्ता, वित्त विभाग ने जारी किए आदेश
प्रारंभिक परीक्षा 1 अक्टूबर 2023 को आयोजित हुई थी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 20 अक्टूबर 2023 को इसका परिणाम घोषित किया गया, जिसमें 19,355 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए पात्र माना गया। मुख्य परीक्षा का आयोजन 20 एवं 21 जुलाई 2024 को हुआ था। 2 जनवरी 2025 को जारी परिणाम में 2,168 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए अस्थाई रूप से सफल घोषित किया गया। इनमें से 2 अभ्यर्थियों के परिणाम को शील्ड कवर में रखा गया, 20 अभ्यर्थियों का परिणाम रद्द किया गया तथा 3 अभ्यर्थियों के परिणाम प्रशासनिक कारणों से होल्ड किए गए।
साक्षात्कार प्रक्रिया 21 अप्रैल 2025 से प्रारंभ हुई थी। आयोग ने साक्षात्कार को सात चरणों में विभाजित किया था। इसका अंतिम चरण 24 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर तक चला। अब अंतिम दिन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आयोग फाइनल परिणाम जारी करने की तैयारी में है।
आयोग के सूत्रों के अनुसार फाइनल मेरिट लिस्ट और कटऑफ आज देर रात या कल सुबह तक जारी की जा सकती है। परिणाम जारी होने के साथ ही राजस्थान को प्रशासनिक सेवाओं के 972 नए अधिकारी मिल जाएंगे, जो राज्य प्रशासन, पुलिस, वित्त, सहकारिता, शिक्षा, राजस्व, और अन्य विभागों में अपनी सेवाएं देंगे।
इस परिणाम का इंतजार लाखों उम्मीदवारों और उनके परिवारों को है। फाइनल रिजल्ट जारी होते ही चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारंभ होगी ।