फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजमेर: वकील को थप्पड़ मारने वाली डीएसपी अंजू यादव एपीओ, मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय की कार्रवाई

Wed, 14 Oct 2026 11:16 AM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर

सार

राजस्थान के अजमेर जिले के किशनगढ़ में अधिवक्ता बाबूलाल बागोरिया को थप्पड़ मारने के मामले में ट्रैफिक डीएसपी अंजू यादव को एपीओ कर दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार को यह कार्रवाई की।

विज्ञापन
अजमेर ट्रैफिक सीओ अंजू यादव को किया एपीओ
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अजमेर के किशनगढ़ में अधिवक्ता बाबूलाल बागोरिया को थप्पड़ मारने के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार को ट्रैफिक डीएसपी अंजू यादव को एपीओ (पदस्थापन की प्रतीक्षा में) कर दिया। सड़क किनारे खड़ी कार को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तूल पकड़ गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई थी। अधिवक्ता समुदाय ने प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के सामने अपनी नाराजगी जताई थी। हालांकि, घटना के बाद डीएसपी की ओर से माफी मांगने पर तत्कालीन विवाद शांत हो गया था, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग जारी रही। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद मामला फिर चर्चा में है।

सड़क किनारे खड़ी कार को लेकर हुआ था विवाद

मामला 9 अक्टूबर का है। किशनगढ़ में सड़क किनारे खड़ी एक कार को लेकर अधिवक्ता बाबूलाल बागोरिया और महिला पुलिस उपाधीक्षक अंजू यादव के बीच विवाद हो गया था। शुरुआत में कार को लेकर हुई बातचीत धीरे-धीरे बहस में बदल गई। इसी दौरान डीएसपी अंजू यादव द्वारा अधिवक्ता को थप्पड़ मारने की घटना सामने आई। इसके बाद मौके पर माहौल गरमा गया और अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई।

विरोध में सड़क पर उतरे अधिवक्ता, मुख्य चौराहे पर लगाया जाम

घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्रित हो गए। वकील पुराना रेलवे स्टेशन रोड स्थित यातायात चौकी पहुंचे और महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ विरोध जताया। इसके बाद अधिवक्ताओं ने मुख्य चौराहे पर पहुंचकर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। देर रात डीएसपी अंजू यादव की ओर से अधिवक्ता बाबूलाल बागोरिया से माफी मांगे जाने के बाद तत्कालीन विवाद शांत हुआ।

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी बढ़ा विवाद

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला लगातार चर्चा में बना रहा। इसी बीच एक वीडियो पर टिप्पणी के जवाब में डीएसपी अंजू यादव की ओर से की गई टिप्पणी को लेकर भी विवाद बढ़ गया। इसके बाद मामला स्थानीय विरोध तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सोशल मीडिया पर भी लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं। अगले दिन अधिवक्ता बाबूलाल बागोरिया और महिला पुलिस अधिकारी का एक और वीडियो सामने आया, जिसमें डीएसपी ने माफी मांगी। इसके बाद अधिवक्ता बाबूलाल ने बार एसोसिएशन की ओर से मिले सहयोग के लिए आभार जताया था। हालांकि, माफी के बाद भी अधिवक्ता समुदाय की ओर से कार्रवाई की मांग जारी रही।

बार एसोसिएशन ने एसपी से मिलकर की थी कार्रवाई की मांग

सोमवार को अजमेर बार एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र ओझा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने अजमेर जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला से मुलाकात की और डीएसपी अंजू यादव के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी। वकीलों का विरोध और पुलिस अधिकारी पर कार्रवाई की मांग लगातार चर्चा में बनी हुई थी।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर डीएसपी अंजू यादव एपीओ

लगातार उठ रहे विरोध और कार्रवाई की मांग के बीच मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय ने मंगलवार को डीएसपी अंजू यादव को एपीओ कर दिया। एपीओ किए जाने का अर्थ है कि अधिकारी को फिलहाल किसी नियमित पद पर तैनात नहीं रखा गया है और आगे के पदस्थापन का इंतजार करना होगा।

विज्ञापन

इस कार्रवाई को किशनगढ़ में अधिवक्ता और पुलिस अधिकारी के बीच हुए विवाद के मामले में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। अब पुलिस मुख्यालय की कार्रवाई के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें