अजमेर में चुनाव के मद्देनजर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बता दें कि आचार संहिता की पालना में कोतवाली थाना पुलिस द्वारा की जा रही वाहनों की विशेष चेकिंग के दौरान एक कार से ढाई लाख रुपए बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
एसपी के निर्देश पर की जा रही कार्रवाई
कोतवाली थानाप्रभारी वीरेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि विधानसभा चुनाव 2023 की आचार संहिता की पालना में एसपी चूनाराम जाट के निर्देश पर जिला पुलिस की ओर से सभी मुख्य प्वाइंट पर थाना पुलिस की ओर से विशेष चेकिंग की जा रही है। उसी के तहत शहर के बजरंगगढ़ चौराहे पर कोतवाली थाना एएसआई विष्णु प्रसाद, कांस्टेबल राजेन्द्र, राजू कंसौदिया, मोतीराम, प्रवीण कुमार व बंशीलाल द्वारा नाकाबन्दी कर चेकिंग की जा रही थी। उस दौरान एक सफेद रंग की स्वीफ्ट कार संख्या आरजे 01 टीए 5014 को संदेह के आधार पर रोककर चेक किया गया था। उसमें 2 लाख 50 हजार रुपए की नगदी पुलिस को मिली। जिसके संबंध में चालक/ मालिक शिव शांति नगर, अलवर गेट निवासी हेमन्त कुमार बुन्देल (29) पुत्र सतीश कुमार बुन्देल संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। जिसके बाद पुलिस ने उक्त राशि को धारा 102 सीआरपीसी के तहत जब्त किया है।