फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अजमेर: जगह-जगह से फूटी बीसलपुर पाइपलाइन, हजारों लीटर पेयजल हो रहा है बर्बाद; ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Mon, 16 Nov 2026 03:18 PM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, केकड़ी

सार

केकड़ी-सांपला बीसलपुर पेयजल पाइपलाइन जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि लीकेज के कारण खेतों और नालों का गंदा पानी पेयजल में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। सांपला में सात दिन तक पानी की आपूर्ति नहीं होने की शिकायत भी सामने आई है। दूसरी ओर, जलदाय विभाग ने 12 अवैध कनेक्शन काटकर 27,064 रुपये की पेनल्टी के नोटिस जारी किए हैं।
विज्ञापन
सूंपा-जालिया के बीच क्षतिग्रस्त पाइपलाइन - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजस्थान के केकड़ी क्षेत्र में बीसलपुर पेयजल योजना की बदहाल पाइपलाइन ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। करीब 20 किलोमीटर लंबी केकड़ी-सांपला मुख्य पाइपलाइन कई जगह से क्षतिग्रस्त बताई जा रही है। इससे एक तरफ हजारों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों को नियमित और साफ पेयजल नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लीकेज के रास्ते खेतों और नालों का गंदा पानी भी सप्लाई के दौरान पाइपलाइन में मिल जाता है। बार-बार शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने पर लोगों ने सरवाड़ जलदाय कार्यालय पर धरना देने और आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है।

विज्ञापन


जगह-जगह लीकेज, पानी के साथ घरों तक पहुंच रही गंदगी
ग्रामीणों के अनुसार, सांपला-केकड़ी मुख्य बीसलपुर पाइपलाइन पुरानी और जर्जर हो चुकी है। करीब 20 किलोमीटर लंबी इस लाइन में कई जगह लीकेज हैं। पाइपलाइन टूटने से पानी लगातार बहकर बर्बाद हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि विभागीय कर्मचारी और ठेकेदार के प्रतिनिधि लीकेज की स्थायी मरम्मत करने के बजाय अस्थायी तौर पर सुधार कर देते हैं। इससे कुछ समय बाद फिर वही समस्या खड़ी हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि सप्लाई के दौरान क्षतिग्रस्त हिस्सों से खेतों और नालों का गंदा पानी पाइपलाइन में प्रवेश कर जाता है। इसके बाद यही पानी घरों तक पहुंचता है। दूषित पानी के सेवन से पेट दर्द और अन्य बीमारियों का खतरा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
विज्ञापन


सांपला में सात दिन तक नहीं पहुंचता पानी
सरपंच अर्जुन सिंह राठौड़ ने बताया कि सांपला में कई बार सात दिन तक बीसलपुर के पानी की आपूर्ति नहीं होती। पाइपलाइन में बार-बार खराबी आने से जलापूर्ति का शेड्यूल प्रभावित रहता है। दीपावली जैसे त्योहार पर भी ग्रामीणों को समय पर पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया।
उनका कहना है कि जलदाय विभाग के अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि जल्द नियमित जलापूर्ति और साफ पानी की व्यवस्था नहीं की गई तो सरवाड़ जलदाय कार्यालय पर धरना शुरू किया जाएगा।

पुरानी लाइन की मरम्मत या नई पाइपलाइन बिछाने की मांग
ग्रामीणों ने विभाग से मांग की है कि सांपला-केकड़ी मुख्य पाइपलाइन के लीकेज की स्थायी मरम्मत कराई जाए। यदि पुरानी लाइन की स्थिति सुधारने योग्य नहीं है तो उसके स्थान पर नई पाइपलाइन बिछाई जाए, ताकि नियमित और स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति हो सके।

विभाग ने काटे 12 अवैध कनेक्शन, 27 हजार की पेनल्टी
जलापूर्ति में अनियमितता की शिकायतों के बीच जलदाय विभाग ने सांपला और आसपास के गांवों में मुख्य बीसलपुर पाइपलाइन से लिए गए अवैध कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने कुल 12 अवैध नल कनेक्शन काटे और संबंधित लोगों को 27,064 रुपये की पेनल्टी के नोटिस जारी किए।

विभाग के अनुसार, केकड़ी में तीन, बिलिया में एक, जालिया में दो और सूंपा में छह अवैध कनेक्शन काटे गए। संबंधित लोगों को सात दिन के भीतर पेनल्टी जमा करने के लिए कहा गया है। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दोबारा अवैध कनेक्शन लेने पर एफआईआर की चेतावनी
कार्रवाई के दौरान एईएन योगेश कटारिया, जेईएन राजू सैनी, जोगेंद्र सिंह, सुपरवाइजर नवीन शर्मा, रामदेव माली, नौरत साहू, कमलेश शर्मा और दीपक साहू मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। दोबारा अवैध कनेक्शन लेने पर दोगुनी पेनल्टी लगाने के साथ एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।

इन गांवों तक पहुंचता है बीसलपुर का पानी
सांपला-केकड़ी मुख्य पाइपलाइन से जुड़े उच्च जलाशयों के जरिए आसपास के कई गांवों में पेयजल पहुंचाया जाता है। सरसड़ी की टंकी से सरसड़ी और उगानखेड़ा, रामपाली की टंकी से रामपाली और मेवदाखुर्द तथा बिलिया की टंकी से बिलिया, चंडाली और बिलिया बैरवा बस्ती में पानी की आपूर्ति होती है।
इसी तरह जालिया की टंकी से जालिया और अरनिया, सूंपा की टंकी से सूंपा और बालापुरा बैरवा बस्ती तक पानी पहुंचता है। सांपला की दो उच्च जलाशय टंकियों से सांपला, खेड़ी शंकर, सांपली, कल्याणपुरा और श्यामपुरा में जलापूर्ति की जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि इन सभी क्षेत्रों में अनियमित और गंदे पानी की समस्या से लोग परेशान हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें