अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन के लिए अंतिम अवसर
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने असिस्टेंट एग्रील्चर ऑफिसर (कृषि विभाग) भर्ती-2018 के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों में से 78 अभ्यर्थियों को विस्तृत आवेदन पत्र प्रस्तुत करने हेतु अंतिम अवसर प्रदान किया है।
आयोग द्वारा जारी सूचना के अनुसार इन अभ्यर्थियों ने आयोग के कार्यालय में विस्तृत आवेदन पत्र जमा नहीं करवाया है, जो कि साक्षात्कार प्रक्रिया के लिए अनिवार्य है। आयोग ने यह स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय सीमा तक आवेदन पत्र प्राप्त नहीं होते हैं तो संबंधित अभ्यर्थियों की अभ्यर्थिता स्वतः ही निरस्त कर दी जाएगी और इसके लिए कोई भी अलग से सूचना नहीं दी जाएगी।
आयोग सचिव रामनिवास मेहता ने बताया कि इस भर्ती के अंतर्गत 10 मार्च 2025 को 151 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए सफल घोषित किया गया था लेकिन इनमें से 78 अभ्यर्थियों ने अब तक विस्तृत आवेदन पत्र जमा नहीं करवाए हैं। इन अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्धारित प्रपत्र में आवेदन पत्र डाउनलोड कर उसे दो प्रतियों में पूरी प्रविष्टियों के साथ भरना होगा। साथ ही शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक, जाति, मूल निवास आदि संबंधित दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियों को एक प्रति में संलग्न कर 1 मई 2025 तक अनिवार्य रूप से आयोग कार्यालय में जमा करवाना होगा।
ये भी पढ़ें: Rajasthan News: हनुमान बेनीवाल ने बढ़ाई सरकार की टेंशन, एसआई भर्ती और पेपर लीक मामले में 26 से आंदोलन का ऐलान
यह अंतिम अवसर है और इसके बाद किसी भी प्रकार का अतिरिक्त मौका नहीं दिया जाएगा। आयोग ने यह भी कहा है कि अभ्यर्थी स्वयं यह सुनिश्चित करें कि उनके दस्तावेज समय पर और पूर्ण रूप से आयोग कार्यालय तक पहुंच जाएं, अन्यथा उनकी अभ्यर्थिता स्वतः निरस्त मानी जाएगी।
इस संदर्भ में अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे समय रहते आयोग की वेबसाइट से संबंधित जानकारी प्राप्त करें और निर्धारित तिथि से पूर्व सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना विस्तृत आवेदन पत्र प्रस्तुत करें, ताकि वे चयन प्रक्रिया से बाहर न हों।