अजमेर जिला सेशन न्यायालय को फिर बम से उड़ाने की धमकी
- फोटो : अमर उजाला
अजमेर जिला सेशन न्यायालय को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। शुक्रवार को संभागीय आयुक्त (डीसी) की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर में चार अलग-अलग स्थानों पर बम लगाए जाने और एक साथ चार धमाके होने का दावा किया गया। ईमेल में समय भी स्पष्ट रूप से 1:13 बजे बताया गया, जिसके बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी तुरंत सक्रिय हो गए। जिला न्यायालय परिसर को चारों ओर से घेर लिया गया और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और मेटल डिटेक्टर की सहायता से सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
एक सप्ताह में दूसरी धमकी
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि महज एक सप्ताह में दूसरी बार इस तरह की धमकी मिली है। इससे पहले पिछले शुक्रवार को भी इसी प्रकार का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ था। उस समय करीब दो घंटे तक तलाशी अभियान चलाया गया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई थी। उस मामले में सिविल लाइन थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था और जांच अभी जारी है।
पढ़ें- Rajasthan News: पढ़ाई में मन न लगने पर नाबालिग छात्रा ने की आत्महत्या, आरएसी कॉन्स्टेबल फंदे से क्यों लटका?
खुफिया विभाग और साइबर सेल सक्रिय
ताजा धमकी के बाद स्थानीय पुलिस के साथ-साथ खुफिया विभाग भी अलर्ट हो गया है। कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है तथा आसपास के क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साइबर सेल उस ईमेल आईडी को ट्रेस करने में जुटी है, जिससे धमकी भरा संदेश भेजा गया। अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि मेल किस स्थान से और किस व्यक्ति द्वारा भेजा गया है। प्रथम दृष्टया इसे अफवाह फैलाने और दहशत पैदा करने की साजिश माना जा रहा है, हालांकि किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और अफवाहों पर ध्यान न दें। अधिकारियों के अनुसार सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। फिलहाल न्यायालय परिसर और आसपास के इलाके को सुरक्षा की दृष्टि से छावनी में तब्दील कर दिया गया है।