मकान की बालकनी पर गिरा बिजली का पोल
अजमेर में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर की निचली बस्तियों में जलभराव की समस्या से तो लोग परेशान हैं ही लेकिन कहीं-कहीं यह बारिश आफत बनकर बरस रही है। शहर के वार्ड नं 48 के गुर्जर धरती हरिजन बस्ती में बारिश के बाद एक मकान पर बिजली का पोल गिर जाने से मकान का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के मुताबिक यह मकान मोहानी देवी का है। हादसे के समय आसपास कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी। मकान की बालकनी गिरने के बाद गुस्साए क्षेत्रवासियों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। स्थानीय पार्षद पति निर्मल बैरवाल, कांग्रेस नेता सुनील लारा सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
पार्षद पति निर्मल बैरवाल ने बताया कि प्रशासन की लापरवाही का खामियाजा क्षेत्रवासियों को उठाना पड़ रहा है। भारी बारिश का अलर्ट होने के बावजूद भी प्रशासन ने निचली बस्तियों पर कोई ध्यान नहीं दिया। आनासागर का पानी अजमेर उत्तर को बचाने के लिए दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में छोड़ा जा रहा है, जिससे इलाके में जलभराव की समस्या पैदा हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि निचली बस्तियों में रहने वाले लोगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। प्रशासन बड़े-बड़े दावे कर रहा है लेकिन अभी तक कोई अधिकारी क्षेत्र में हालातों का जायजा लेने के लिए नहीं आया। कांग्रेस नेता सुनील लारा ने बताया कि बारिश के बाद क्षेत्र में अचानक से बिजली का पोल मकान की बालकनी पर आ गिरा, जिससे मकान का ऊपरी हिस्सा पूरी तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया और इलाके में 3 बिजली के पोल झूल गए।
हादसे के बाद टाटा पॉवर को सूचना दी गई लेकिन 2 घंटे बाद टाटा पॉवर की टीम मौके पर पहुंची, वहीं हादसे की सूचना के बाद भी प्रशासन का कोई अधिकारी उनकी सुध लेने नहीं आया, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया।