फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan: अजमेर निकाय चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर बवाल; कांग्रेस का 20 से ज्यादा वार्डों में गड़बड़ी का दावा

Thu, 20 Aug 2026 09:41 AM IST
अजमेर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अजमेर

सार

Rajasthan News: अजमेर नगर निगम चुनाव से पहले कांग्रेस ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों का आरोप लगाया है। पार्टी का दावा है कि 20 से अधिक वार्डों में मतदाताओं के नाम गलत वार्डों में दर्ज हैं। कांग्रेस ने बूथवार जांच और परिसीमन के आधार पर सूचियों के पुनः सत्यापन की मांग करते हुए सुधार नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
कांग्रेस ने लगाया मतदाता सूचियों में बड़ी गड़बड़ी का आरोप - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

अजमेर नगर निगम चुनाव से पहले मतदाता सूचियों को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस ने नगर निगम की जारी मतदाता सूचियों में बड़े स्तर पर गड़बड़ियों का आरोप लगाते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। कांग्रेस का दावा है कि प्रारंभिक जांच में शहर के 20 से अधिक वार्डों में मतदाताओं के नाम गलत वार्डों में दर्ज होने की शिकायतें सामने आई हैं।

विज्ञापन


कांग्रेस ने निर्वाचन अधिकारियों से की दोबारा जांच की मांग
अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन अधिकारियों से मुलाकात कर मतदाता सूचियों का परिसीमन के आधार पर दोबारा सत्यापन कराने की मांग की।

वार्ड 23 के 1000 से ज्यादा नाम वार्ड 24 में होने का आरोप
कांग्रेस ने सबसे प्रमुख शिकायत वार्ड संख्या 23 और 24 को लेकर की है। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार वार्ड 23 के करीब 1000 से अधिक मतदाताओं के नाम वार्ड 24 की मतदाता सूची में प्रकाशित किए गए हैं।
विज्ञापन


कांग्रेस का कहना है कि भगवानगंज सांसी बस्ती का कुछ हिस्सा, फरीदाबाद कॉलोनी का हिस्सा, पहाड़गंज का हिस्सा, गुर्जर बस्ती, पृथ्वीराज नगर, भगवानगंज हरिजन बस्ती का अधिकांश हिस्सा, शिव कॉलोनी और लबाना बस्ती के कुछ हिस्से परिसीमन के अनुसार वार्ड 23 में आते हैं। इसके बावजूद इन क्षेत्रों के मतदाताओं के नाम वार्ड 24 की सूची के भाग संख्या 2 में दर्ज होने की शिकायत की गई है।

वार्ड 9 और 10 की सूचियों पर भी उठाए सवाल
कांग्रेस ने वार्ड संख्या 9 का एक पूरा भाग वार्ड 13 में जोड़ने तथा वार्ड संख्या 10 में वार्ड 9 के करीब 500 मतदाताओं के नाम शामिल किए जाने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि यदि मतदाता सूची में इसी तरह की त्रुटियां अन्य वार्डों में भी हैं तो चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

बूथ और भागवार जांच के साथ परिसीमन से मिलान की मांग
कांग्रेस ने मांग की है कि नगर निगम के सभी वार्डों की मतदाता सूचियों की बूथवार और भागवार जांच कराई जाए। परिसीमन के नक्शे से मतदाता सूचियों का मिलान कर गलत वार्ड में दर्ज मतदाताओं के नाम तत्काल संबंधित वार्ड में स्थानांतरित किए जाएं।

कांग्रेस का आरोप है कि मतदाता सूची में गड़बड़ी से आम मतदाताओं को मतदान के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। साथ ही चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित प्रत्याशियों की रणनीति और चुनावी गणित पर भी इसका असर पड़ सकता है।

'जिम्मेदारी तय हो, पारदर्शिता पर सवाल'
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक चुनाव की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। यदि किसी मतदाता का नाम उसके वास्तविक वार्ड से हटाकर दूसरे वार्ड में दर्ज कर दिया जाता है तो यह चुनाव की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर मतदाता सूचियों की तत्काल पुनः जांच, परिसीमन के अनुरूप नामों का सही वार्ड में समायोजन और गड़बड़ियों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की गई है।

सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूचियों में सामने आई कथित गड़बड़ियों को समय रहते दूर नहीं किया गया तो पार्टी व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन करेगी और निर्वाचन आयोग के समक्ष भी शिकायत दर्ज कराएगी।

यह भी पढ़ें: किस शहर में कब होगा नगर निगम चुनाव?, आयोग ने जारी किया शेड्यूल, जयपुर-जोधपुर समेत 6 निगमों की तारीख सबसे अलग
विज्ञापन


कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि चुनाव से पहले मतदाता सूचियों की खामियां दूर करना जरूरी है, ताकि प्रत्येक मतदाता अपने निर्धारित वार्ड में ही मतदान कर सके और नगर निगम चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें