राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शुक्रवार को राज्य की तीन बड़ी भर्तियों से संबंधित कार्यक्रम जारी किए हैं। इनमें साक्षात्कार कार्यक्रम, मॉडल उत्तरकुंजी जारी करने की प्रक्रिया और उप निरीक्षक दूरसंचार परीक्षा के प्रवेश-पत्र अपलोड करने की तिथि शामिल हैं। आयोग ने अभ्यर्थियों को समय पर दस्तावेज, पहचान-पत्र और आवेदन पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं, साथ ही परीक्षा में अनुचित साधनों से दूर रहने की सख्त चेतावनी भी दी है।
सहायक आचार्य और कृषि अधिकारी भर्ती के साक्षात्कार कार्यक्रम जारी
आयोग ने सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) भर्ती–2023 के भूगोल विषय के लिए 17 से 25 नवंबर तक साक्षात्कार का तृतीय चरण आयोजित करने की घोषणा की है। इसके साथ ही सहायक कृषि अधिकारी (कृषि विभाग) भर्ती–2018 के लिए द्वितीय चरण के साक्षात्कार भी इसी अवधि में होंगे। आयोग ने कहा है कि ऐसे अभ्यर्थी जिन्होंने पहले विस्तृत आवेदन पत्र प्रस्तुत नहीं किए हैं, वे वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर उसे भरकर दो प्रतियों में सभी प्रमाणपत्रों की फोटोकॉपी के साथ साक्षात्कार के समय प्रस्तुत करें। सभी उम्मीदवारों को नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, स्पष्ट फोटोयुक्त पहचान-पत्र और मूल प्रमाणपत्रों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। साक्षात्कार पत्र आयोग की वेबसाइट पर जल्द अपलोड किए जाएंगे।
वरिष्ठ अध्यापक परीक्षा-2024: मॉडल उत्तरकुंजी पर आपत्तियां आमंत्रित
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा–2024 के ग्रुप C और D के विभिन्न विषयों सामान्य ज्ञान, विज्ञान, उर्दू, संस्कृत, गणित, अंग्रेजी और पंजाबी की मॉडल उत्तरकुंजियां जारी कर दी हैं।
मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि इन परीक्षाओं का आयोजन 9 से 12 सितंबर 2025 के बीच हुआ था। अभ्यर्थी यदि किसी प्रश्न के उत्तर पर आपत्ति दर्ज करना चाहते हैं, तो वे 1 से 3 नवंबर 2025 की मध्यरात्रि 12 बजे तक निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। प्रत्येक प्रश्न पर ₹100 शुल्क (सेवा शुल्क अतिरिक्त) निर्धारित किया गया है। आपत्तियां केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार की जाएंगी और प्रमाण सहित प्रस्तुत करना अनिवार्य है। अन्य किसी माध्यम से भेजी गई या प्रमाण रहित आपत्तियां अमान्य होंगी। आपत्तियों के लिए लिंक 3 नवंबर की मध्यरात्रि तक सक्रिय रहेगा।
उप निरीक्षक दूरसंचार परीक्षा-2024: 6 नवंबर को जारी होंगे प्रवेश-पत्र
उप निरीक्षक दूरसंचार (गृह विभाग) परीक्षा–2024 का आयोजन 9 नवंबर 2025 को किया जाएगा। आयोग सचिव ने बताया कि परीक्षा के प्रवेश-पत्र 6 नवंबर 2025 को आयोग की वेबसाइट और एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। अभ्यर्थी 2 नवंबर से अपने परीक्षा जिले की जानकारी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर देख सकेंगे। परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न पत्र के लिए ओएमआर उत्तर पत्रक के पांचवें विकल्प को भरने हेतु 10 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- Anta By Election: उपचुनाव मैदान में 15 प्रत्याशी, पर असली मुकाबला त्रिकोणीय! मोरपाल, भाया और मीणा पर सबकी नजर
आयोग ने निर्देश दिया है कि अभ्यर्थी परीक्षा प्रारंभ से 60 मिनट पूर्व केंद्र पर पहुंचें, अन्यथा प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पहचान के लिए मूल आधार कार्ड (रंगीन प्रिंट) अनिवार्य है। यदि आधार फोटो स्पष्ट नहीं है, तो मतदाता पहचान-पत्र, पासपोर्ट या ड्राइविंग लाइसेंस में से कोई वैध पहचान-पत्र साथ लाना होगा।
आयोग ने परीक्षा में किसी भी प्रकार के अनुचित साधन या प्रलोभन से बचने की चेतावनी दी है। ऐसा करने पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपये तक जुर्माना और संपत्ति जब्ती की कार्रवाई हो सकती है। अभ्यर्थी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना आयोग के कंट्रोल रूम नंबर 0145-2635200, 2635212, 2635255 पर दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: जयपुर के युवा इंजीनियर स्पर्श ने बनाया ‘लूना एआई’, जो बोलता, गाता और भावनाएं भी जताता है