अजमेर की नसीराबाद सदर थाना पुलिस ने लोहरवाड़ा निवासी 80 साल के बुजुर्ग की हत्या के मामले का महज 48 घंटों में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी देते हुए नसीराबाद सदर थानाधिकारी प्रहलाद सहाय ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में लोहरवाड़ा निवासी हरिराम पुत्र लालाराम, ग्राम लालोडी, नीमड़ी, परबतसर निवासी मोईनुद्दीन, ग्राम आचीना थाना पांचौडी, नागौर निवासी भीम सिंह उर्फ राहुल पुत्र लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार किया है। जिनसे पुलिस पूछताछ में जुटी है।
सीआई प्रहलाद सहाय ने बताया कि 19 जून को लोहरवाड़ा निवासी श्यामलाल मालावत लापता हो गया था। उसके पुत्र लोहरवाड़ा हाल अजमेर निवासी रामकिशोर ने सदर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 24 जून को झाड़ली, लांबा हरि सिंह, टॉक में धनराज शर्मा के खेत में अज्ञात शव मिला था। इसके बाद लापता श्यामलाल के परिजनों ने थाना लांबा हरि सिंह में अज्ञात मृतक के पास मिले कपड़ों व अन्य सामान के आधार पर उसकी शिनाख्त श्यामलाल मालावत के रूप में की थी।
श्यामलाल के पुत्र ने अपहरण और हत्या का नामजद मामला दर्ज कराया था। उसने आरोप लगाया था कि उसके पिता श्यामलाल गत 19 जून की रात को करीब 11:30 बजे उसके भाई रूप श्याम व शिवरतन को बता कर गए थे कि वह हरिराम जाट के घर पर पैसे लेने जा रहे हैं। रात करीब 12 बजे उसके पिता गणपत सिंह के घर पहुंचे थे, जहां हरिराम जाट व उसका छोटा भाई देवराज जाट एक सफेद रंग की कार लेकर गणपत सिंह के घर आए और उसके पिता श्यामलाल को जबरन कार में बैठाकर ले गए। पीड़ित पुत्र रामकिशोर ने आरोप लगाया कि दोनों आरोपी उसके पिता को टोंक ले गए, जहां आरोपियों ने उसके पिता को मारकर कुएं में डाल दिया। इसके बाद पुलिस ने महज 48 घंटे में पूरी वारदात का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।