राजस्थान के अजमेर शहर में होली के दिन अपराधियों ने खुलेआम उत्पात मचाया, जिससे शहरवासियों में दहशत फैल गई। हरियाणा नंबर की एक गाड़ी में आए 5 से 7 बदमाशों ने अलग-अलग इलाकों में कई लोगों के साथ मारपीट की और कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दी। पुलिस की लापरवाही और ढीले रवैये के कारण बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देते रहे।
दरगाह थाना क्षेत्र में खुली गुंडागर्दी
शहर के संवेदनशील दरगाह थाना क्षेत्र में इन बदमाशों ने आम राहगीरों और टैंपो चालकों के साथ मारपीट की। होली के त्योहार पर जहां लोग खुशियां मना रहे थे। वहीं इन अपराधियों ने बेवजह लोगों को पीटना शुरू कर दिया। राहगीर खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, लेकिन पुलिस कहीं दिखाई नहीं दी।
कचहरी रोड और नला बाजार में भी हमला
कचहरी रोड पर भी इन बदमाशों ने कई लोगों के साथ मारपीट की और माहौल को डरावना बना दिया। वहीं, नला बाजार में एक बुजुर्ग को बेरहमी से पीटा गया। बुजुर्ग के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद इन बदमाशों ने राह चलते टैंपो चालक को रोककर उसके साथ भी मारपीट की। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें बदमाशों की गुंडागर्दी साफ देखी जा सकती है।
पुलिस की नाकामी उजागर
होली से पहले अजमेर की पुलिस अधीक्षक वंदिता राणा ने हुड़दंग मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अपराधियों ने शहर में खुलेआम उत्पात मचाया और पुलिस तमाशबीन बनी रही। पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई, जिससे आम नागरिकों में रोष है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
अजमेर के नागरिकों में इस घटना के बाद भारी स्थानीय निवासियों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की मांग की है। यदि ऐसे अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो शहर में कानून-व्यवस्था और अधिक बिगड़ सकती है। अब देखना होगा कि पुलिस अपराधियों को पकड़कर न्याय दिलाने में कितनी सफल होती है।