अजमेर-कोटा बस में चालक की करतूत।
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान रोडवेज की लापरवाही एक बार फिर सुर्खियों में है। मामला बस ड्राइवर की अतरंगी हरकत का है। बस ड्राइवर की करतूत देखकर बस में बैठे सभी यात्री घबरा गए। यात्रियों ने चालक की हरकतों विरोध करते हुए वीडियो बना लिया।
अजमेर से कोटा जा रही रोडवेज बस के चालक ने निक्कर पहनकर बस भगानी शुरू तो यात्रियों की सांसें अटक गईं। बस में महिलाओं और बच्चों समेत बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। इतना ही नहीं ड्राइवर ने चलती बस में ही स्टेयरिंग को खाने की टेबल बना दिया। स्टेयरिंग पर ही टिफिन रखकर खाना खाने लगा। ये नजारा देख यात्री घबरा गए। यात्रियों ने विरोध जताते हुए वीडियो भी बनाया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो में दिखाई देता है कि ड्राइवर ने पहले बनियान और पजामा पहन रखा था, लेकिन कुछ ही दूरी चलने के बाद उसने पजामा और बनियान दोनों उतार दिए और केवल निक्कर में ही बस चलाने लगा। यह नजारा देख यात्रियों में हैरानी और डर का माहौल बन गया। कुछ यात्रियों ने इसकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। मामला सामने आने पर राजस्थान रोडवेज प्रशासन हरकत में आया और ड्राइवर की पहचान पारसनाथ के रूप में हुई, जो प्रतापगढ़ डिपो का कर्मचारी है और फिलहाल अजयमेरू डिपो में डेपुटेशन पर कार्यरत था।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में कार धमाके के बाद जोधपुर में अलर्ट, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पैनी नजर
अजयमेरू डिपो के मुख्य प्रबंधक रवि शर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो में दिख रहा ड्राइवर पारसनाथ फिलहाल रूट से हटा दिया गया है। उन्होंने कहा कि ड्राइवर की मूल पोस्टिंग प्रतापगढ़ डिपो में है और इस संबंध में पूरी रिपोर्ट प्रतापगढ़ डिपो प्रबंधन को भेज दी गई है। शर्मा ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, इस मामले में प्रतापगढ़ डिपो के मुख्य प्रबंधक गजेन्द्र पाराशर ने कहा कि अजयमेरू डिपो की ओर से रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ड्राइवर का व्यवहार नियमों का गंभीर उल्लंघन
पाराशर ने यह भी कहा कि इस तरह का व्यवहार रोडवेज के अनुशासन और यातायात सुरक्षा के नियमों का गंभीर उल्लंघन है, इसलिए सख्त कार्रवाई तय है। घटना के बाद यात्रियों ने भी सवाल उठाया कि अगर बस चालक इस तरह लापरवाही बरतेगा तो यात्रियों की सुरक्षा कौन सुनिश्चित करेगा। वहीं, सोशल मीडिया पर लोग रोडवेज प्रशासन से इस पर कठोर कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पूरा मामला जांच के अधीन है, लेकिन यह घटना राजस्थान रोडवेज की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।