घटना की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
तीर्थ नगरी पुष्कर में अजमेर रोड पर स्थित लीलासेवड़ी में अटल छत्र हनुमानेश्वर मंदिर के पुजारी पर देर रात चार लुटेरों ने हमला कर दिया। उनके गले से चार सोने की चेन लेकर फरार हो गए। लुटेरे के हमले से पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ ग्रामीण रामचंद्र मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए।
सीओ ग्रामीण रामचंद्र ने बताया कि अटल छत्र हनुमानेश्वर मंदिर के पुजारी ओमप्रकाश शर्मा उर्फ पप्पू पुजारी रात को मंदिर के बाहर तख्ते पर सो रहा था। तभी रात 11:45 के करीब चार लुटेरे आए और तख्ते पर सो रहे पुजारी पर अचानक ही ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुजारी चिल्लाया तो पास के कमरे में सो रहे मनोज तुरंत दौड़कर आए। तब तक लुटेरे उनके गले में से चार सोने की चेन लेकर फरार हो गए। पुलिस ने टीमें गठित कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, मनोज ने बताया कि मैं अटल छत्र हनुमानेश्वर मंदिर में बाथरूम निर्माण के लिए आ रखा था। रात्रि 10:00 बजे पुजारी ओमप्रकाश के साथ खाना खाया और सो गया रात्रि 11:00 बजे तक एक व्यक्ति पुजारी के पास बैठा था। करीब 11.45 के बीच चार लुटेरे आए और उन्होंने तख्ते पर सो रहे पुजारी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पुजारी की चीख पुकार सुनकर मैं तुरंत दौड़ कर आया। देखा तो पुजारी खून से लथपथ था। उन्हें तुरंत अजमेर अस्पताल ले गए।
पुलिस भी मामले की जानकारी मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंच गई। सीसीटीवी कैमरे देखकर लुटेरों की पहचान की जा रही है। उनकी तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई है।