अजमेर एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तमिलनाडु पुलिस टीम के 12 लोगों को 25 लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में रविवार को डिटेन किया है। यह रिश्वत राशि नकबजनी के एक मामले में भिनाय थाना क्षेत्र से पकड़ी गई महिला और उसके पति को मुकदमें से निकालने की एवज में मांगी जा रही थी। मामले के संबंध में एसीबी की टीम गहनता से पूछताछ करने में जुटी हुई है।
डीआईडी समीर कुमार के अनुसार, 4 मार्च 2023 को ब्यूरो में शिकायत प्राप्त हुई कि तमिलनाडु पुलिस की एक टीम भिनाय थाना क्षेत्र से एक महिला सोनिया पत्नी पन्नालाल सोनी को इसके घर से उठाकर ले गई है और उसका व उसके पति का नाम चोरी के कथित मुक़दमें से निकालने की एवज में 25 लाख रुपये की मांग कर रही है।
सत्यापन से पुष्टि होने पर ट्रैप की कार्रवाई की गई तथा तमिलनाडु पुलिस के 12 पुलिसकर्मियों को डिटेन किया गया है। उनसे पूछताछ और जांच जारी है। तमिलनाडु पुलिस के अनुसार, टीम एक गंभीर नकबजनी के अनुसंधान के तहत बरामदगी के लिए आई हुई है। उनके इस कथन के संबंध में गहन जांच कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी एसीबी अजमेर, समीर कुमार सिंह ने बताया, टीम तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में दर्ज नकबजनी के मामले में अनुसंधान के लिए आई थी। उनके द्वारा संबंधित थानों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई गई थी तथा सहायता ली गई थी। इन तथ्यों के मद्देनजर ब्यूरो द्वारा फ़िलहाल प्राथमिक जांच दर्ज़ करने का निर्णय लिया गया है। सोनिया को तमिलनाडु पुलिस द्वारा इसके भाई शोभालाल को सुपुर्द कर दिया गया है। तमिलनाडु पुलिस टीम को ब्यूरो कार्यालय से रवाना कर दिया गया है।