प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह राजस्थान आने वाले हैं। वे 21 जुलाई को प्रदेश कार्यसमिति की बैठक लेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे 1 अगस्त से सुराज गौरव यात्रा के तहत सभी 200 विधानसभाओं में पहुंचेगी।
21 जुलाई हो होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष मदन लाल सैनी ने बताया कि हाल ही में दिल्ली में हुई बैठक में अमित शाह ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को सुराज गौरव यात्रा निकालने के लिए स्वीकृति दे दी है। इसके पहले अमित शाह की अध्यक्षता में होने वाली कार्य समिति की बैठक की तैयारी की जा रही है। वे बैठक में पार्टी पदाधिकारियों व नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा करेंगे।
सैनी ने दावा किया कि उपचुनाव में हार के बावजूद कार्यकर्ताओं के मनोबल में कोई कमी नहीं आई है। सभी पूरे उत्साह के साथ विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे हुए हैं। उन्होंने बताया कि राजे की यात्रा के दौरान केंद्र व राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों का प्रचार किया जाएगा।