अभिनेत्री एवं मॉडल पायल रोहतगी को राजस्थान पुलिस ने मोतीलाल नेहरू वीडियो बनाने के मामले में गिरफ्तार कर लिया है। इसकी जानकारी खुद पायल की टीम ने ट्वीट कर दी है। वीडियो वायरल होने के बाद राजस्थान के बूंदी जिले में कांग्रेस कार्यकर्ता ने पायल रोहतगी के खिलाफ 10 अक्तूबर को पुलिस थाने में आईटी एक्ट व अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई थी।
दरअसल पायल का विवादों से पुराना नाता रहा है। वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं। कुछ समय पहले पायल ने स्वतंत्रता सेनानी और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के पिता मोतीलाल नेहरू को लेकर टिप्पणी की थी। इसके साथ ही पायल ने मोतीलाल की शादी को तीन तलाक के मुद्दे से भी जोड़ते हुए आपत्तिजनक बयान दिया। जिसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज किया था ।