धौलपुर जिले के कौलारी थाना इलाके के रंजीतपुरा गांव में 28 जनवरी की रात विवाहिता की हत्या करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतका के पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी पति ने कुल्हाड़ी से काटकर पत्नी की निर्मम हत्या कर दी थी। वहीं, लाश को सरसों के खेत में फेंक दिया था।
कौलारी थाना प्रभारी मानसिंह ने बताया कि 28 जनवरी की रातको थाना इलाके के रंजीतपुरा गांव में 25 वर्षीय विवाहिता मधु पत्नी जितेंद्र कुशवाहा की हत्या कर लाश को गांव के बाहर सरसों के खेत में फेंक दिया था। 29 जनवरी को सुबह ग्रामीणों ने लाश को सरसों के खेत में पड़ा हुआ देखा था। घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर सीओ बाबूलाल मीणा एवं पुलिस बल के साथ घटनास्थल का मौका मुआयना किया गया।
थाना प्रभारी ने बताया मौके पर विवाहिता का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला था। घटना से मायके पक्ष के लोगों को भी अवगत कराया गया। पीहर पक्ष की मौजूदगी में विवाहिता का मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया मायके पक्ष के लोगों ने ससुराली जनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए अभियोग दर्ज कराया था। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करा कर लाश को सुपुर्द कर मामले में अनुसंधान शुरू किया गया।
थाना प्रभारी मानसिंह ने बताया कि हत्या के शक की सुई पति जितेंद्र की तरफ घूम रही थी। मंगलवार को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पति जितेंद्र पुत्र ओमप्रकाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी 28 जनवरी की रात को पत्नी को गांव के बाहर खेतों की तरफ ले गया था। जहां, कुल्हाड़ी काटकर उसकी हत्या की और शव सरसों के खेत में फेंक दिया। हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गया। आरोपी जितेंद्र से पूछताछ कर हत्या में प्रयोग किया गया हथियार बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।