राजस्थान के नागौर जिले की नावा थाना पुलिस ने 22 फरवरी को लूणवा गांव में सांड की गर्दन काट कर हत्या करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने 48 घंटे में अज्ञात व्यक्ति की पहचान श्रवणराम गुर्जर पुत्र नानू राम (42) निवासी लुणवा थाना नावा के रूप में कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने वो कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है, जिससे सांड की गर्दन काटी गई थी।
एसपी राममूर्ति जोशी ने बताया कि 22 फरवरी को लूणवा गांव के रहने वाले गुलाब चंद ने एक केस दर्ज कराया था। शिकायत में उसने बताया था कि गांव के एक सांड की सभी ग्रामीण देखभाल किया करते थे। सुबह किसी अज्ञात व्यक्ति ने सांड के गर्दन पर वार किया। जिससे गर्दन कटने से उसकी मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने उसकी जांच शुरू की थी।
आरोपी की तलाश के लिए एसपी जोशी ने पुलिस टीम का गठन किया था। गठित टीम ने 48 घंटे में आरोपी श्रवण राम गुर्जर की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सांड बार-बार खेत में आकर उसकी फसल को नुकसान पहुंचा रहा था, जिससे तंग आकर उसने सांड की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया। जिससे उसकी मौत हो गई।